Type Here to Get Search Results !

यूपी के सभी DM और BSA को निर्देश जारी, शिक्षकों-कर्मचारियों को सामाजिक सुरक्षा योजना का मिलेगा लाभ

Sir Ji Ki Pathshala

लखनऊ: उत्तर प्रदेश के बेसिक शिक्षा विभाग ने शिक्षकों और कर्मचारियों के लिए बड़ी राहत देने वाला आदेश जारी किया है। विभाग ने राज्य के सभी जिलाधिकारियों (DM), मंडलीय सहायक शिक्षा निदेशकों (बेसिक) और जिला बेसिक शिक्षा अधिकारियों (BSA) को निर्देश भेजकर स्टेट बैंक ऑफ इंडिया (SBI) के साथ हुए समझौते (MoU) के तहत सामाजिक सुरक्षा योजनाओं का लाभ पात्र कर्मचारियों तक पहुंचाने के निर्देश दिए हैं।

Cashless Scheme for Teachers

बेसिक शिक्षा विभाग के अपर मुख्य सचिव पार्थ सारथी सेन शर्मा द्वारा जारी आदेश में कहा गया है कि योजना को सभी जिलों में प्रभावी तरीके से लागू किया जाए ताकि स्थायी, संविदा और आउटसोर्स कर्मचारियों को तय सुविधाएं समय पर मिल सकें।

मुख्यमंत्री ने किया था योजना का शुभारंभ

8 जुलाई को वाराणसी में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शिक्षकों के लिए कैशलेस स्वास्थ्य सुविधा योजना का शुभारंभ किया था। इसी दौरान बेसिक शिक्षा विभाग और भारतीय स्टेट बैंक (SBI) के बीच तीन महत्वपूर्ण एमओयू पर हस्ताक्षर किए गए थे। इन समझौतों के तहत शिक्षकों और कर्मचारियों को बैंकिंग सुविधाओं के साथ विभिन्न सामाजिक सुरक्षा और बीमा योजनाओं का लाभ मिलेगा।

किन कर्मचारियों को मिलेगा लाभ?

योजना के तहत निम्न श्रेणी के कर्मचारी शामिल किए गए हैं—

  • 10 हजार रुपये या उससे अधिक नेट मासिक वेतन पाने वाले स्थायी शिक्षक और कर्मचारी।
  • 10 हजार रुपये या उससे अधिक मानदेय प्राप्त करने वाले विभागीय संविदा कर्मी, जैसे शिक्षामित्र और अंशकालिक अनुदेशक।
  • सेवा प्रदाता (आउटसोर्स) के माध्यम से नियुक्त कर्मचारी।
  • 10 हजार रुपये से कम मानदेय पाने वाले संविदा कर्मचारी।

जीरो बैलेंस खाते पर मिलेगा दुर्घटना बीमा

जिन संविदा कर्मचारियों का मानदेय 10 हजार रुपये से कम है, उन्हें एसबीआई में जीरो बैलेंस खाता खोलना होगा। ऐसे खाताधारकों को एटीएम से जुड़े 2 लाख रुपये तक का व्यक्तिगत दुर्घटना बीमा कवर उपलब्ध कराया जाएगा।

वहीं अन्य पात्र कर्मचारियों को स्टेट गवर्नमेंट सैलरी पैकेज (SGSP) और कॉरपोरेट सैलरी पैकेज (CSP) के तहत विभिन्न बीमा एवं सामाजिक सुरक्षा सुविधाएं मिलेंगी।

बैंक खाते को लेकर भी जारी हुए निर्देश

आदेश के अनुसार, जिन स्थायी कर्मचारियों का पहले से एसबीआई में वेतन खाता है, उसे एसजीएसपी में परिवर्तित कराया जाएगा। जिनका वेतन खाता किसी अन्य बैंक में है, उन्हें एसबीआई में नया वेतन खाता खोलना होगा।

संविदा और आउटसोर्स कर्मचारियों के खाते कॉरपोरेट सैलरी पैकेज के अंतर्गत खोले या परिवर्तित किए जाएंगे। इसके लिए जिला स्तर पर एसबीआई की शाखाएं विद्यालयों में विशेष शिविर लगाकर खाते खोलेंगी और आवश्यक परिवर्तन करेंगी। विभाग ने स्पष्ट किया है कि इस प्रक्रिया के दौरान विद्यालयों में पठन-पाठन प्रभावित नहीं होना चाहिए।