सुल्तानपुर के परिषदीय विद्यालयों में अब जन्मदिन, वैवाहिक वर्षगांठ और राष्ट्रीय पर्व जैसे विशेष अवसर बच्चों के लिए पौष्टिक भोजन की सौगात लेकर आएंगे। शासन के निर्देशों के अनुरूप जिले में ‘तिथि भोजन’ कार्यक्रम की शुरुआत कर दी गई है। इस पहल के माध्यम से समाज के संभ्रांत लोग, जनप्रतिनिधि, अधिकारी और स्वयंसेवी संस्थाएं विद्यालय में बच्चों के लिए विशेष भोजन का आयोजन कर सकेंगे।
जिले में कुल 2064 परिषदीय विद्यालय संचालित हैं जहाँ पहले से ही पीएम पोषण योजना लागू है। इस नए कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य सामुदायिक भागीदारी को बढ़ाना और बच्चों को स्वस्थ भोजन उपलब्ध कराने के साथ-साथ विद्यालयों से सामाजिक जुड़ाव को मजबूत करना है।
बच्चों के स्वास्थ्य को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए प्रशासन ने खाद्य पदार्थों को लेकर कड़े नियम बनाए हैं। तिथि भोजन में पनीर, खीर, दलिया या किसी भी प्रकार की मिठाई का वितरण वर्जित है। इसके साथ ही बर्गर, पिज्जा और मैगी जैसे जंक फूड या फास्ट फूड पर भी पूरी तरह प्रतिबंध लगाया गया है। इनके स्थान पर स्थानीय स्तर पर उपलब्ध ताजे और मौसमी फलों को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए गए हैं।
पीएम पोषण योजना के जिला समन्वयक संदीप यादव ने स्पष्ट किया है कि तिथि भोजन वाले दिन खाद्यान्न और कन्वर्जन लागत का उपयोग नहीं किया जाएगा। यदि आयोजन में फल या सूखे मेवे वितरित किए जाते हैं, तो उस दिन का मध्याह्न भोजन पूर्व निर्धारित व्यवस्था के अनुसार ही तैयार होगा और छात्र विद्यालय में भोजन करने के बाद फल या मेवे अपने साथ घर ले जा सकेंगे।


