Type Here to Get Search Results !

निपुण संकल्प कार्यशाला 2026: कक्षा 2 से 5 तक के लिए जारी हुए महत्वपूर्ण निर्देश, देखें पूरा कार्यक्रम

Sir Ji Ki Pathshala

उत्तर प्रदेश शासन के बेसिक शिक्षा एवं माध्यमिक शिक्षा विभाग ने निपुण संकल्प कार्यशाला 2026 के आयोजन को लेकर सभी जिलाधिकारियों एवं मुख्य विकास अधिकारियों को महत्वपूर्ण निर्देश जारी किए हैं। यह कार्यशाला इस वर्ष निपुण अभियान के कक्षा 2 से कक्षा 5 तक विस्तार के मद्देनजर आयोजित की जा रही है, ताकि विद्यालयों में गुणवत्तापूर्ण शिक्षण और निपुण भारत मिशन के लक्ष्यों को प्रभावी ढंग से लागू किया जा सके।

अपर मुख्य सचिव, बेसिक शिक्षा एवं माध्यमिक शिक्षा विभाग द्वारा जारी आदेश के अनुसार प्रत्येक जिले में निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार निपुण संकल्प कार्यशालाओं का आयोजन किया जाएगा। इसके लिए विस्तृत समय-सारिणी और कार्यशाला स्थल की सूची भी जारी कर दी गई है।

पत्र में सभी जिलाधिकारियों एवं मुख्य विकास अधिकारियों से अपेक्षा की गई है कि वे अपने नेतृत्व एवं उपस्थिति में कार्यशालाओं का सफल संचालन सुनिश्चित करें। साथ ही संबंधित अधिकारियों, शिक्षकों एवं प्रतिभागियों को कार्यशाला में सक्रिय सहभागिता के लिए प्रेरित करें, जिससे शासन की मंशा के अनुरूप बेहतर परिणाम प्राप्त किए जा सकें।

जारी कार्यक्रम के अनुसार कार्यशालाओं का आयोजन 6 जुलाई 2026 से 3 अगस्त 2026 तक प्रदेश के विभिन्न जनपदों में चरणबद्ध तरीके से होगा। कई जिलों में कार्यशालाएं संपन्न हो चुकी हैं, जबकि शेष जिलों में निर्धारित तिथियों पर आयोजन किया जाएगा। प्रत्येक कार्यशाला में एक मेजबान जनपद के साथ निकटवर्ती जनपदों के प्रतिभागी भी शामिल होंगे।

बेसिक शिक्षा विभाग ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया है कि वे जिला प्रशासन के साथ समन्वय स्थापित करते हुए कार्यशालाओं का सफल आयोजन सुनिश्चित करें। इस पहल का उद्देश्य शिक्षकों की क्षमता वृद्धि, नवाचार आधारित शिक्षण पद्धतियों को बढ़ावा देना तथा विद्यार्थियों में बुनियादी साक्षरता एवं संख्यात्मक ज्ञान (FLN) को मजबूत बनाना है।

निपुण संकल्प कार्यशालाओं के माध्यम से प्रदेश सरकार विद्यालयों में सीखने के स्तर में सुधार लाने और निपुण भारत मिशन के लक्ष्यों को समयबद्ध रूप से प्राप्त करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठा रही है।

निपुण संकल्प कार्यशाला 2026

निपुण संकल्प कार्यशाला 2026

Top Post Ad

Bottom Post Ad