बिहार में जनगणना-2027 की तैयारियों को तेज गति से आगे बढ़ाया जा रहा है। इसी क्रम में भारत सरकार के गृह मंत्रालय के अधीन जनगणना कार्य निदेशालय, बिहार ने राज्य सरकार को पत्र भेजकर जनगणना कार्य में नियुक्त अधिकारियों, कर्मचारियों, प्रगणकों और पर्यवेक्षकों के स्थानांतरण पर 31 मार्च 2027 तक रोक लगाने का अनुरोध किया है। यह पत्र 14 जुलाई 2026 को मुख्य सचिव, बिहार सरकार को भेजा गया है।
पत्र में बताया गया है कि जनगणना-2027 एक राष्ट्रीय महत्व का वैधानिक एवं समयबद्ध कार्य है, जिसका संचालन जनगणना अधिनियम, 1948 तथा जनगणना नियमावली, 1990 के प्रावधानों के तहत किया जा रहा है। ऐसे में जनगणना कार्य से जुड़े अधिकारियों और कर्मचारियों की निरंतर उपलब्धता आवश्यक है, ताकि निर्धारित समय में कार्य गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा किया जा सके।
निदेशालय के अनुसार जिलों में जिला पदाधिकारी, जिला सांख्यिकी पदाधिकारी, प्रखंड विकास पदाधिकारी, अंचलाधिकारी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों को जनगणना कार्य में प्रतिनियुक्त किया गया है। इसके अलावा शिक्षा विभाग के अनेक शिक्षकों एवं कर्मचारियों को भी प्रगणक और पर्यवेक्षक के रूप में नियुक्त कर प्रशिक्षण दिया जा चुका है।
पत्र में यह भी उल्लेख किया गया है कि बिहार के विभिन्न जिलों से सूचना मिल रही है कि नियमित स्थानांतरण प्रक्रिया के तहत जनगणना कार्य में लगे अधिकारियों और कर्मचारियों का तबादला किया जा रहा है। यदि यह प्रक्रिया जारी रहती है तो जनगणना के दूसरे चरण की तैयारियों, डिजिटल मैपिंग, हाउस लिस्टिंग ब्लॉक (HLB) प्रबंधन, पोर्टल सिंक्रोनाइजेशन तथा अन्य महत्वपूर्ण कार्य प्रभावित हो सकते हैं।
निदेशालय का कहना है कि प्रशिक्षित अधिकारियों और कर्मचारियों के स्थानांतरण से प्रशासनिक निरंतरता बाधित होगी और जनगणना कार्य की गुणवत्ता तथा समयबद्धता पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ेगा। इसलिए राज्य सरकार से अनुरोध किया गया है कि जनगणना-2027 के सफल संचालन को ध्यान में रखते हुए जनगणना कार्य में लगे सभी अधिकारियों, कर्मचारियों, प्रगणकों एवं पर्यवेक्षकों का स्थानांतरण 31 मार्च 2027 तक स्थगित रखने के लिए आवश्यक निर्देश जारी किए जाएं।
यदि राज्य सरकार इस अनुरोध को स्वीकार करती है, तो जनगणना कार्य में प्रतिनियुक्त अधिकारियों, कर्मचारियों और शिक्षकों को निर्धारित अवधि तक अपने वर्तमान पदस्थापन पर ही कार्य करना होगा। इससे जनगणना-2027 की तैयारियों और उसके सफल संचालन को गति मिलने की उम्मीद है।



