Type Here to Get Search Results !

यूपी बोर्ड परीक्षा और कापियों के मूल्यांकन के लिए 87 करोड़ का बजट

Sir Ji Ki Pathshala

प्रयागराज : हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट परीक्षा-2026 के लिए गए संचालन तथा उत्तरपुस्तिकाओं के मूल्यांकन कार्य में हुए व्यय के भुगतान के लिए लगभग 87 करोड़ रुपये बजट जारी किया गया है। यूपी बोर्ड के वरिष्ठ वित्त एवं लेखाधिकारी विक्रम सिंह की ओर से जारी दो अलग-अलग आदेशों के माध्यम से यह धनराशि जिलों और केंद्रों को उपलब्ध कराई गई है।

UP Board Exam Copies Evaluation 2026-27

परीक्षा केंद्रों एवं संकलन केंद्रों पर नियुक्त केंद्र व्यवस्थापकों, अतिरिक्त केंद्र व्यवस्थापकों, कक्ष निरीक्षकों, लिपिकों, बंडल वाहकों, अग्रसारण अधिकारियों तथा अन्य कर्मचारियों के पारिश्रमिक भुगतान के लिए 27.86 करोड़ रुपये आवंटित किए गए हैं।

इसके अलावा उत्तर पुस्तिकाओं के मूल्यांकन कार्य के लिए परीक्षकों, मुख्य नियंत्रकों, उप नियंत्रकों एवं अन्य कर्मियों के पारिश्रमिक और यात्रा व्यय हेतु 58.88 करोड़ रुपये का बजट जारी किया गया है। इसमें लगभग 2.33 करोड़ रुपये यात्रा व्यय तथा 56.54 करोड़ रुपये पारिश्रमिक भुगतान के लिए निर्धारित हैं।

यह धनराशि सभी जनपदों के जिला विद्यालय निरीक्षकों को केंद्रवार भुगतान के लिए भेजी गई है। निर्देश दिए गए हैं कि आवंटित धनराशि का उपयोग केवल निर्धारित मदों में ही किया जाए तथा आवश्यकता के अनुसार ही कोषागार से धनराशि आहरित की जाए।