Type Here to Get Search Results !
ADVERTISEMENT

14 व 15 मार्च को होगी दरोगा भर्ती परीक्षा, कड़ी सुरक्षा के बीच होंगे कड़े इंतजाम

Sir Ji Ki Pathshala

लखनऊ। पुलिस भर्ती व प्रोन्नति बोर्ड द्वारा आयोजित दरोगा भर्ती की लिखित परीक्षा 14 और 15 मार्च को प्रदेशभर में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच कराई जाएगी। परीक्षा को पारदर्शी और नकलविहीन बनाने के लिए भर्ती बोर्ड ने सभी जिलों के अधिकारियों को विशेष दिशा-निर्देश जारी किए हैं।

भर्ती बोर्ड के अध्यक्ष एसबी शिरडकर ने शनिवार को बैठक कर जिलों के नोडल अधिकारियों और जिला पर्यवेक्षकों को सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सख्त निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि परीक्षा के दौरान सभी अभ्यर्थियों की बायोमेट्रिक जांच और आधार सत्यापन अनिवार्य रूप से कराया जाएगा।

दरोगा भर्ती परीक्षा 14 व 15 मार्च को, 15 लाख अभ्यर्थी देंगे परीक्षा, आधार कार्ड अनिवार्य

भर्ती बोर्ड के अनुसार परीक्षा में प्रदेशभर से करीब 15 लाख अभ्यर्थी शामिल होंगे। यह परीक्षा उप निरीक्षक (दरोगा) के लगभग साढ़े चार हजार पदों पर भर्ती के लिए आयोजित की जा रही है।

परीक्षा केंद्र पर ये चीजें लाना अनिवार्य

अभ्यर्थियों को परीक्षा केंद्र पर प्रवेश पत्र, पहचान पत्र, आधार कार्ड और नीला या काला पेन लेकर आना होगा। इनके अलावा किसी अन्य वस्तु को अंदर ले जाने की अनुमति नहीं होगी।

भर्ती बोर्ड ने स्पष्ट किया है कि मोबाइल फोन, ब्लूटूथ डिवाइस, मेटा चश्मा या किसी भी प्रकार के इलेक्ट्रॉनिक उपकरण परीक्षा केंद्र में पूरी तरह प्रतिबंधित रहेंगे।

सघन जांच और सख्त निगरानी

अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि परीक्षा केंद्रों पर अभ्यर्थियों की सघन चेकिंग और फ्रिस्किंग की जाए। किसी भी प्रकार की गलत पहचान या इंपर्सनेशन के मामलों में तुरंत कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

महिला अभ्यर्थियों की जांच केवल महिला कर्मियों द्वारा अलग एनक्लोजर में कराई जाएगी ताकि व्यवस्था सुचारु रूप से बनी रहे।

त्रिस्तरीय निगरानी व्यवस्था

परीक्षा केंद्रों की सुरक्षा के लिए पुलिस उपाधीक्षक से लेकर उप निरीक्षक स्तर तक के अधिकारी तैनात रहेंगे। सभी केंद्रों की निगरानी त्रिस्तरीय लाइव कंट्रोल सिस्टम के जरिए भर्ती बोर्ड द्वारा की जाएगी। इसके अलावा जिलों में भी अलग से नियंत्रण कक्ष बनाए जाएंगे।

साथ ही सभी जिलों की ट्रेजरी में रखे प्रश्नपत्रों की सुरक्षा को लेकर भी विस्तृत दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं, ताकि परीक्षा पूरी तरह निष्पक्ष और सुरक्षित तरीके से संपन्न हो सके।

Top Post Ad

ADVERTISEMENT

Bottom Post Ad

ADVERTISEMENT