प्रयागराज। परीक्षा नियामक प्राधिकारी, उत्तर प्रदेश ने डीएलएड प्रशिक्षण 2025 के तहत अल्पसंख्यक कोटे में लिए गए प्रवेशों को ऑनलाइन फीड किए जाने को लेकर महत्वपूर्ण निर्देश जारी किए हैं। इसके तहत अल्पसंख्यक संस्थानों को अपने यहां लिए गए प्रवेशों का पूरा विवरण विभागीय वेबसाइट पर अपलोड करना होगा।
जारी विज्ञप्ति के अनुसार, शासनादेश दिनांक 12 नवंबर 2025 के निर्देशों के अनुपालन में अल्पसंख्यक संस्थानों द्वारा आवंटित सीटों के सापेक्ष 50 प्रतिशत सीटों पर स्वयं प्रवेश की प्रक्रिया पूरी की गई है। अब इन प्रवेशों का विवरण ऑनलाइन फीड करना अनिवार्य किया गया है।
इस वेबसाइट पर होगा डेटा अपलोड
अल्पसंख्यक संस्थानों को अपने कॉलेज लॉगिन और पासवर्ड के माध्यम से परीक्षा नियामक प्राधिकारी की वेबसाइट
https://updeled.gov.in पर अभ्यर्थियों का पूरा विवरण अपलोड करना होगा।
यह रहेगा पूरा शेड्यूल
जारी समय-सारिणी के अनुसार:
-
18 मार्च 2026 (अपराह्न) से 25 मार्च 2026 तक
अल्पसंख्यक कोटे के अंतर्गत प्रवेश लिए गए अभ्यर्थियों का विवरण कॉलेज लॉगिन से अपलोड किया जाएगा। -
20 मार्च 2026 (अपराह्न) से 27 मार्च 2026 शाम 5 बजे तक
डायट द्वारा अभिलेखीय मिलान करते हुए ऑनलाइन प्रवेश को स्वीकृत (Approve) किया जाएगा।
अभ्यर्थियों का पूरा विवरण करना होगा अपलोड
संस्थानों को अभ्यर्थियों का नाम, माता-पिता का नाम, जन्मतिथि, वर्ग, शैक्षिक विवरण, फोटो और हस्ताक्षर सहित सभी जानकारी ऑनलाइन भरनी होगी। साथ ही ऑनलाइन आवेदन का प्रिंट आउट संबंधित डायट में अभिलेखीय मिलान के लिए प्रस्तुत करना होगा।
समय सीमा के बाद प्रवेश मान्य नहीं
निर्देश में स्पष्ट किया गया है कि यदि निर्धारित समय सीमा तक संस्थानों द्वारा डेटा फीड नहीं किया गया या डायट द्वारा प्रवेश स्वीकृत नहीं किया गया, तो अल्पसंख्यक कोटे के अंतर्गत लिया गया प्रवेश मान्य नहीं माना जाएगा। इस संबंध में बाद में कोई भी प्रत्यावेदन स्वीकार नहीं किया जाएगा।


