प्रयागराज। जिले के सर्वोदय विद्यालयों में कक्षा 6 से 9 तक रिक्त सीटों पर प्रवेश के लिए 22 मार्च को प्रवेश परीक्षा आयोजित की जाएगी। परीक्षा को लेकर बुधवार को जिलाधिकारी की अध्यक्षता में एनआईसी सभागार में बैठक आयोजित की गई, जिसमें तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की गई।
बैठक में अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि परीक्षा की सभी व्यवस्थाएं समयबद्ध और सुव्यवस्थित तरीके से सुनिश्चित की जाएं, ताकि छात्रों को किसी प्रकार की परेशानी न हो।
इन विद्यालयों में होगी प्रवेश परीक्षा
जिले के चार सर्वोदय विद्यालयों में प्रवेश परीक्षा आयोजित की जाएगी। इनमें
- जयप्रकाश नारायण सर्वोदय विद्यालय सुरवल सहनी
- जयप्रकाश नारायण सर्वोदय विद्यालय कोरांव
- जयप्रकाश नारायण सर्वोदय विद्यालय खाई करछना
- बालिका सर्वोदय विद्यालय कौड़िहार
शामिल हैं। इन विद्यालयों में कक्षा छह, सात, आठ और नौ में खाली सीटों पर छात्रों का चयन प्रवेश परीक्षा के माध्यम से किया जाएगा।
प्रश्नपत्र तैयार करेगा DIET
प्रवेश परीक्षा के लिए प्रश्नपत्र तैयार कराने की जिम्मेदारी जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (DIET) के प्राचार्य को दी गई है। इसके लिए सभी आवश्यक तैयारियां पहले से पूरी करने के निर्देश दिए गए हैं।
अधिक छात्र संख्या वाले विद्यालयों के लिए अलग केंद्र
जिलाधिकारी ने बताया कि सुरवल सहनी और कौड़िहार स्थित सर्वोदय विद्यालयों में छात्र संख्या अधिक होने की संभावना है। ऐसे में इन विद्यालयों के लिए निकटवर्ती अन्य स्कूलों में भी परीक्षा केंद्र बनाए जाएंगे ताकि परीक्षा शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हो सके।
वहीं खाई करछना और कोरांव स्थित सर्वोदय विद्यालयों में प्रवेश परीक्षा संबंधित विद्यालय परिसर में ही कराई जाएगी।
जिलाधिकारी ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि परीक्षा की तैयारियों में पारदर्शिता और अनुशासन बनाए रखते हुए सभी व्यवस्थाएं समय से पूरी कर ली जाएं।


Social Plugin