तिर्वा (कन्नौज): जनपद के उमर्दा ब्लॉक स्थित फिरोजपुर कंपोजिट विद्यालय में वर्चस्व की जंग और पद के विवाद ने हिंसक रूप ले लिया है। विद्यालय की प्रभारी प्रधानाध्यापिका ने अपनी ही सहायक अध्यापिका पर मारपीट, जातिसूचक गालियां देने और डंडे से हमला करने का गंभीर आरोप लगाते हुए कोतवाली में तहरीर दी है।
क्या है पूरा मामला?
प्राप्त जानकारी के अनुसार, राधा कुमारी कंपोजिट विद्यालय फिरोजपुर (उमर्दा) में प्रभारी प्रधानाध्यापिका के पद पर कार्यरत हैं। उनसे पहले इसी पद का कार्यभार दीप्ति यादव (सहायक अध्यापिका) संभाल रही थीं। राधा कुमारी का आरोप है कि 12 मार्च 2026 को खंड शिक्षा अधिकारी (BEO) द्वारा उन्हें विद्यालय का प्रभार सौंपे जाने के बाद से ही दीप्ति यादव उनसे रंजिश रखने लगी थीं।
स्कूल कैंपस में हुआ हमला
राधा कुमारी ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि 20 मार्च 2026 को सुबह लगभग 8:55 बजे जब वह विद्यालय पहुँचीं, तो दीप्ति यादव ने उनके साथ अभद्र व्यवहार शुरू कर दिया। आरोप है कि दीप्ति यादव ने उन्हें जातिसूचक शब्द (कोरी) कहकर अपमानित किया और जान से मारने की धमकी दी।
विवाद इतना बढ़ा कि सहायक अध्यापिका ने डंडे से हमला कर दिया, जिससे राधा कुमारी को गंभीर चोटें आई हैं। पीड़िता का कहना है कि उन्होंने किसी तरह कार्यालय में छिपकर अपनी जान बचाई।
कार्रवाई की मांग
पीड़िता राधा कुमारी ने कोतवाली प्रभारी तिर्वा को प्रार्थना पत्र देकर आरोपी शिक्षिका के खिलाफ F.I.R. दर्ज करने और कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है। पत्र पर उच्चाधिकारियों द्वारा जांच के आदेश भी अंकित किए गए हैं।


Social Plugin