गोरखपुर। भारत की आगामी जनगणना-2027 की तैयारियाँ जनपद स्तर पर तेज हो गई हैं। कार्यालय जिला जनगणना अधिकारी, गोरखपुर द्वारा जारी एक अति आवश्यक सूचना के अनुसार, जिले में प्रगणकों (Enumerators) और सुपरवाइजर्स की नियुक्ति के लिए विभिन्न विभागों से कर्मचारियों का डेटा मांगा गया है।
11,900 से अधिक पदों पर होगी तैनाती
जारी पत्र के अनुसार, जनगणना-2027 के सफल संचालन के लिए जनपद गोरखपुर में भारी संख्या में कर्मचारियों को लगाया जाएगा:
- प्रगणक (Enumerator): कुल 10,220 कर्मचारियों की नियुक्ति की जानी है।
- सुपरवाइजर: कुल 1,703 पदों पर नियुक्ति की प्रक्रिया प्रस्तावित है।
20 फरवरी तक डेटा उपलब्ध कराने के निर्देश
जिला जनगणना अधिकारी ने मुख्य चिकित्साधिकारी, जिला विकास अधिकारी, बेसिक शिक्षा अधिकारी और जिला विद्यालय निरीक्षक सहित 7 प्रमुख विभागों को निर्देश जारी किए हैं। इन विभागों में कार्यरत सभी नियमित और संविदा कर्मचारियों, जिनका वेतन या मानदेय कोषागार अथवा विभाग से आहरित हो रहा है, उनकी जानकारी एक्सेल शीट में मांगी गई है।
महत्वपूर्ण निर्देश:
- सभी विभागों को यह डेटा 20 फरवरी 2026, शाम 4:00 बजे तक अनिवार्य रूप से व्हाट्सएप नंबर 9889043373 पर उपलब्ध कराना है।
- जो कर्मचारी बी०एल०ओ० (BLO) के रूप में कार्य कर रहे हैं, उनके नाम के आगे स्पष्ट रूप से 'BLO' अंकित करना अनिवार्य है।
- गर्भवती महिला कर्मचारियों की सूचना में 'गर्भवती' शब्द अंकित करने के निर्देश दिए गए हैं।
प्रशासन ने इस कार्य को 'सर्वोच्च प्राथमिकता' की श्रेणी में रखा है। जिला जनगणना अधिकारी/अपर जिलाधिकारी (वि०/रा०) ने स्पष्ट किया है कि समयसीमा के भीतर सटीक सूचना उपलब्ध कराना सुनिश्चित किया जाए ताकि जनगणना की प्रारंभिक तैयारियों में कोई बाधा न आए।


Social Plugin