Type Here to Get Search Results !

गणतंत्र दिवस पर सरकारी कार्यालयों में 8:30 और स्कूलों में 10 बजे होगा झण्डारोहण

Sir Ji Ki Pathshala

लखनऊ। गणतंत्र दिवस के अवसर पर प्रदेशभर में झण्डारोहण का समय निर्धारित कर दिया गया है। मुख्य सचिव एस.पी. गोयल ने इस संबंध में गुरुवार को शासनादेश जारी करते हुए सभी विभागों को आवश्यक निर्देश भेज दिए हैं। आदेश के अनुसार प्रदेश के सभी सरकारी कार्यालयों में सुबह 8:30 बजे तथा सभी शिक्षण संस्थानों में सुबह 10:00 बजे झंडारोहण किया जाएगा।

शिक्षण संस्थानों में होंगे सांस्कृतिक और शैक्षिक कार्यक्रम

मुख्य सचिव ने निर्देश दिए हैं कि गणतंत्र दिवस के अवसर पर सभी स्कूलों और शिक्षण संस्थानों में विशेष कार्यक्रम आयोजित किए जाएं। कार्यक्रम के दौरान राष्ट्रगान का सामूहिक गायन किया जाएगा। साथ ही छात्र-छात्राओं को स्वतंत्रता संग्राम के इतिहास की संक्षिप्त जानकारी दी जाएगी।

गणतंत्र दिवस पर सरकारी कार्यालयों और स्कूलों में झण्डारोहण समय

इसके अलावा सशस्त्र सैन्य बलों के बलिदान को नमन करते हुए देशभक्तों के जीवन से जुड़े प्रेरक प्रसंगों पर चर्चा की जाएगी। विद्यालयों में नाटक, विचार गोष्ठी, निबंध लेखन एवं अन्य प्रतियोगिताएं भी यथासंभव आयोजित कराने के निर्देश दिए गए हैं।

शिक्षा निदेशक जारी करेंगे अलग-अलग आदेश

शासनादेश में यह भी स्पष्ट किया गया है कि इस संबंध में शिक्षा निदेशक द्वारा अलग-अलग आदेश जारी किए जाएंगे, ताकि कार्यक्रमों का आयोजन सुव्यवस्थित रूप से किया जा सके।

झण्डारोहण के बाद होगी पुलिस परेड

गणतंत्र दिवस के अवसर पर झंडारोहण के बाद पुलिस परेड का आयोजन किया जाएगा। पुलिस बैंड के माध्यम से देशभक्ति से जुड़े कार्यक्रम प्रस्तुत किए जाएंगे। परेड की सलामी केंद्रीय या प्रदेश सरकार के मंत्री लेंगे। यदि मंत्री उपस्थित नहीं होते हैं तो यह जिम्मेदारी मंडलायुक्त या जिलाधिकारी (डीएम) द्वारा निभाई जाएगी।

जनप्रतिनिधियों को किया जाएगा आमंत्रित

कार्यक्रम में लोकसभा और राज्यसभा के सदस्य, विधानसभा तथा विधान परिषद के सदस्य भी आमंत्रित किए जाएंगे, जिससे गणतंत्र दिवस का आयोजन गरिमामय और भव्य रूप में संपन्न हो सके।

प्रदेश सरकार ने सभी विभागों और शिक्षण संस्थानों से अपील की है कि वे शासनादेश के अनुरूप गणतंत्र दिवस को अनुशासन, उत्साह और राष्ट्रीय भावना के साथ मनाएं।