लखनऊ। उत्तर प्रदेश कैडर की 2004 बैच की आईएएस अधिकारी एवं पूर्व शिक्षा महानिदेशक अनामिका सिंह ने स्वैच्छिक सेवानिवृत्ति (VRS) ले ली है। केंद्रीय कार्मिक एवं प्रशिक्षण मंत्रालय (DoPT) ने उनके वीआरएस आवेदन को स्वीकृति प्रदान कर दी है। केंद्र से अनुमति मिलने के बाद राज्य सरकार के नियुक्ति विभाग ने भी इस संबंध में आदेश जारी कर दिया है, जो 31 जनवरी से प्रभावी माना जाएगा।
अनामिका सिंह वर्तमान में खाद्य आयुक्त के पद पर कार्यरत हैं। उनकी सेवा अवधि वर्ष 2038 तक थी, लेकिन उन्होंने निर्धारित समय से पहले ही सेवा से अलग होने का निर्णय लिया। प्रशासनिक सूत्रों के अनुसार, सितंबर माह में उन्हें बरेली का मंडलायुक्त नियुक्त किया गया था, हालांकि बाद में उनका तबादला निरस्त कर उन्हें खाद्य आयुक्त के पद पर तैनात कर दिया गया।
बताया जा रहा है कि अनामिका सिंह ने केंद्र में प्रतिनियुक्ति पर जाने के लिए राज्य सरकार से एनओसी (अनापत्ति प्रमाण पत्र) मांगा था, लेकिन अनुमति न मिलने से वे असंतुष्ट थीं। इसी के बाद उन्होंने वीआरएस लेने का निर्णय किया।
व्यक्तिगत जीवन की बात करें तो उनके पति गुरुग्राम में चिकित्सक हैं, जबकि उनकी मां नियोजन विभाग में अधिकारी रह चुकी हैं।
प्रशासनिक हलकों में उनके वीआरएस को एक महत्वपूर्ण घटनाक्रम माना जा रहा है, क्योंकि अभी उनके सेवा काल में लंबा समय शेष था। इस फैसले के पीछे व्यक्तिगत और पेशेवर दोनों कारण बताए जा रहे हैं।
#Anamika Singh IAS, #VRS News #Anamika Singh IAS


Social Plugin