Type Here to Get Search Results !

स्कूल से लगातार गैरहाज़िर रहने वाले ट्यूबर हेडमास्टर निलंबित

Sir Ji Ki Pathshala

कानपुर देहात—कानपुर देहात के रसूलाबाद ब्लॉक स्थित मेघजाल प्राथमिक विद्यालय के हेडमास्टर को यूट्यूब पर पत्रकारिता करने और स्कूल से अनुपस्थित रहने के आरोप में निलंबित कर दिया गया है। मामला तब सामने आया जब हेडमास्टर जितेंद्र कुमार सिंह उर्फ जितेंद्र कमल द्वारा ‘कबीर न्यूज़’ नाम से एक यूट्यूब चैनल चलाए जाने के वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुए।

जितेंद्र कुमार सिंह की नियुक्ति 11 फरवरी 2009 को गणित-विज्ञान शिक्षक के रूप में हुई थी और वे वर्तमान में मेघजाल प्राथमिक विद्यालय में प्रधानाध्यापक के पद पर तैनात थे। आरोप है कि वे नियमित वेतन लेते हुए भी स्कूल से अक्सर अनुपस्थित रहते थे और इसी बीच कानपुर शहर में पत्रकारिता गतिविधियों में लगे रहते थे।



मामले की जानकारी होने पर बेसिक शिक्षा अधिकारी (BSA) अजय मिश्र ने हेडमास्टर को नोटिस जारी किया, लेकिन निर्धारित समय में उन्होंने इसका कोई जवाब नहीं दिया। इसके बाद मानव संपदा पोर्टल के माध्यम से भी नोटिस भेजा गया, फिर भी प्रतिक्रिया नहीं मिली।

उधर, ब्लॉक शिक्षा अधिकारी (BEO) रसूलाबाद अजब सिंह की प्रारंभिक जांच में भी यह पुष्टि हुई कि हेडमास्टर आए दिन विद्यालय से गायब रहते थे। रिपोर्ट मिलने के बाद मंगलवार को बीएसए ने तत्काल प्रभाव से हेडमास्टर को निलंबित करने का आदेश जारी कर दिया।

बीएसए अजय मिश्र ने कहा कि—“बीईओ की रिपोर्ट में लगातार अनुपस्थिति, नोटिसों का जवाब न देना और सोशल मीडिया के माध्यम से पत्रकारिता जैसी गतिविधियों की पुष्टि होने पर निलंबन की कार्रवाई की गई है।”

इस कार्रवाई के बाद शिक्षा विभाग में चर्चा तेज है कि सरकारी विद्यालयों के शिक्षकों द्वारा निजी गतिविधियों में लिप्त होने पर अब सख्ती और बढ़ सकती है।

Top Post Ad

Bottom Post Ad