उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद (यूपी बोर्ड) की हाईस्कूल और इंटरमीडिएट परीक्षा 2026 के लिए परीक्षा केंद्रों की अंतिम रूपरेखा लगभग तय हो गई है। आपत्तियों के निस्तारण के बाद प्रदेश भर में कुल 8033 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। यह संख्या पहले जारी की गई ऑनलाइन सूची की तुलना में 585 केंद्र अधिक है। खास बात यह है कि इस बार निजी (वित्तविहीन) स्कूलों के परीक्षा केंद्रों में सबसे अधिक बढ़ोतरी हुई है।
ऑनलाइन सूची में थे 7448 केंद्र
यूपी बोर्ड ने 30 नवंबर को ऑनलाइन माध्यम से परीक्षा केंद्रों की सूची जारी की थी, जिसमें कुल 7448 केंद्र शामिल थे। इनमें 910 राजकीय, 3484 सहायता प्राप्त माध्यमिक विद्यालय और 3054 वित्तविहीन स्कूल थे। इस सूची पर छात्रों, अभिभावकों, प्रधानाचार्यों और प्रबंधकों से आपत्तियां मांगी गई थीं।
आठ हजार से अधिक आपत्तियों का निस्तारण
प्रदेश के सभी 75 जिलों से आठ हजार से अधिक आपत्तियां प्राप्त हुईं। इन आपत्तियों के निस्तारण के लिए बोर्ड ने जिलाधिकारी की अध्यक्षता में गठित जिला स्तरीय समिति को अधिकृत किया। समितियों की संस्तुति के बाद परीक्षा केंद्रों की संख्या बढ़कर 8033 हो गई।
केंद्रों की नई स्थिति
आपत्तियों के निस्तारण के बाद बने केंद्रों में अब
- 596 राजकीय विद्यालय,
- 3453 सहायता प्राप्त माध्यमिक विद्यालय,
- 3984 वित्तविहीन विद्यालय शामिल हैं।
इससे स्पष्ट है कि सबसे ज्यादा कटौती राजकीय विद्यालयों के केंद्रों में की गई है। पहले 910 राजकीय विद्यालयों को केंद्र बनाया गया था, लेकिन जिलों ने 314 राजकीय विद्यालयों का केंद्र समाप्त कर दिया। इसके साथ ही 31 सहायता प्राप्त कॉलेजों के केंद्र भी हटा दिए गए और उनकी जगह अधिकतर वित्तविहीन स्कूलों को केंद्र बनाया गया।
22 दिसंबर तक आपत्तियां दर्ज करने का मौका
बोर्ड सचिव भगवती सिंह की ओर से जारी सूचना के अनुसार, जिलाधिकारी की अध्यक्षता में गठित जनपदीय केंद्र निर्धारण समिति के अनुमोदन के बाद परीक्षा केंद्रों की सूची (विद्यालय छात्र आवंटन सहित) बोर्ड की वेबसाइट upmsp.edu.in पर अपलोड कर दी गई है।
यदि किसी छात्र, अभिभावक, प्रधानाचार्य या प्रबंधक को कोई आपत्ति या शिकायत है, तो वे 22 दिसंबर तक संबंधित विद्यालय की आईडी से साक्ष्यों सहित अपना ऑनलाइन प्रत्यावेदन पोर्टल पर दर्ज करा सकते हैं। परीक्षा केंद्रों की अंतिम सूची 30 दिसंबर तक जारी की जाएगी।
पिछले साल की तुलना में 107 केंद्र कम
पिछले वर्ष की तुलना में इस बार परीक्षा केंद्रों की संख्या में 107 की कमी आई है।
- वर्ष 2025 में ऑनलाइन 7657 केंद्र बनाए गए थे, जो आपत्तियों के बाद बढ़कर 8140 हो गए थे।
- वर्ष 2026 के लिए पहले 7446 केंद्र तय किए गए थे, जो अब बढ़कर 8033 हो गए हैं।
- वहीं 2024 में ऑनलाइन 7864 केंद्र बने थे, जो बढ़कर 8265 तक पहुंचे थे।
बीते लगभग एक दशक से यूपी बोर्ड ऑनलाइन माध्यम से ही परीक्षा केंद्रों का निर्धारण करता आ रहा है, जिससे प्रक्रिया में पारदर्शिता बनाए रखने का प्रयास किया जा रहा है।


