शिक्षकों, शिक्षामित्रों और अनुदेशकों के लिए कैशलेस इलाज की सुविधा को लेकर बड़ी राहत की खबर सामने आई है। विधान परिषद में शुक्रवार को सरकार की ओर से यह स्पष्ट आश्वासन दिया गया कि 5 सितंबर को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा की गई घोषणा का शासनादेश अतिशीघ्र जारी किया जाएगा।
सरकार ने दोहराया मुख्यमंत्री का संकल्प
विधान परिषद में नेता सदन केशव प्रसाद मौर्या ने कहा कि मुख्यमंत्री द्वारा की जाने वाली किसी भी घोषणा का स्पष्ट अर्थ होता है कि उसे धरातल पर लागू किया जाएगा। उन्होंने यह बात समाजवादी पार्टी के सदस्य डॉ. मानसिंह यादव द्वारा पूछे गए प्रश्न के उत्तर में कही।
जल्द मिलेगा शिक्षकों को लाभ
सरकार के इस आश्वासन के बाद यह उम्मीद मजबूत हुई है कि प्रदेश के शिक्षक, शिक्षामित्र और अनुदेशक शीघ्र ही कैशलेस चिकित्सा सुविधा का लाभ उठा सकेंगे। शासनादेश जारी होने के साथ ही इस योजना की प्रक्रिया और शर्तें स्पष्ट होंगी, जिससे लाखों शिक्षा कर्मियों को स्वास्थ्य सेवाओं में आर्थिक राहत मिलेगी।
शिक्षक संगठनों में उम्मीद
मुख्यमंत्री की घोषणा के बाद से ही शिक्षक संगठनों द्वारा शासनादेश जारी होने की मांग की जा रही थी। अब विधान परिषद में दिए गए इस भरोसे के बाद शिक्षकों में सकारात्मक संदेश गया है और जल्द ही योजना के क्रियान्वयन की उम्मीद जताई जा रही है।


