लखनऊ। दीपावली के त्योहार से पहले उत्तर प्रदेश के लाखों सरकारी कर्मचारियों और शिक्षकों के लिए बड़ी खुशखबरी सामने आ रही है। राज्य के करीब 14 लाख कर्मचारियों को बोनस देने की तैयारी पूरी हो चुकी है और आज इस संबंध में शासन स्तर से औपचारिक शासनादेश जारी होने की प्रबल संभावना है।
वित्त विभाग से जुड़े सूत्रों के अनुसार, दिवाली बोनस से संबंधित प्रस्ताव तैयार कर मुख्यमंत्री कार्यालय (पंचम तल) को भेजा जा चुका है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से अंतिम हरी झंडी मिलते ही इसका आदेश जारी कर दिया जाएगा।
सात हजार रुपये तक मिलेगा लाभ प्रस्ताव के मुताबिक, पात्र अराजपत्रित राज्य कर्मचारियों, शिक्षकों और दैनिक वेतनभोगियों को विभिन्न श्रेणियों और सेवा शर्तों के आधार पर अधिकतम सात हजार रुपये तक का तदर्थ (ad-hoc) बोनस दिया जाएगा। पूर्व वर्षों की व्यवस्था के अनुसार, बोनस की आंशिक धनराशि सीधे कर्मचारियों के वेतन खाते में भेजी जाएगी, जबकि शेष हिस्सा उनके सामान्य भविष्य निधि (GPF) खाते में जमा किया जा सकता है।
त्योहार से पहले खाते में पहुंचेगी रकम त्योहार के सीजन को देखते हुए वित्त विभाग ने पूरी तैयारी कर रखी है, ताकि शासनादेश जारी होते ही आहरण-वितरण अधिकारी (DDO) बिल तैयार कर ट्रेजरी को भेज सकें। सरकार की मंशा है कि धनतेरस और दिवाली से पूर्व सभी कर्मचारियों के खातों में बोनस की राशि हस्तांतरित हो जाए, जिससे त्योहारों की खुशियां दोगुनी हो सकें।


सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म