श्रावस्ती। कार्यालय जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी (BSA), श्रावस्ती द्वारा परिषदीय प्राथमिक विद्यालयों में कार्यरत सहायक अध्यापकों की पदोन्नति प्रक्रिया को लेकर महत्वपूर्ण कार्यालय आदेश व संशोधन जारी किया गया है। इसके तहत पात्र शिक्षकों को विद्यालय आवंटन/चयन का विकल्प प्रस्तुत करने के लिए 07 नवंबर 2026 को काउंसलिंग हेतु आमंत्रित किया गया है।
वरिष्ठता सूची क्रमांक 01 से 1098 तक के शिक्षक होंगे शामिल
जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी आकाँक्षा रावत द्वारा 06 नवंबर 2026 को जारी आदेश के अनुसार, सहायक अध्यापक प्राथमिक विद्यालय की वरिष्ठता सूची-2026 में क्रमांक 01 से 1098 तक अंकित ऐसे सभी पात्र शिक्षक व शिक्षिकाएं, जिन्होंने टीईटी (TET) या सीटीईटी (CTET) प्राथमिक अथवा उच्च प्राथमिक स्तर उत्तीर्ण किया है, वे इस प्रक्रिया में भाग ले सकेंगे।
काउंसलिंग का समय और स्थान
- तारीख: 07 नवंबर 2026
- समय: प्रातः 10:00 बजे से सायं 05:00 बजे तक
- स्थान: जूनियर हाईस्कूल–भिनगा, विकास खंड–हरिहरपुररानी, जनपद–श्रावस्ती प्रांगण
पदनाम में संशोधन की स्थिति
आदेश में स्पष्ट किया गया है कि पूर्व में जारी आदेश (पत्रांक: बे0शि0/पदो0/6397–113/2026–27 दिनांक 05-11-2026) में पदोन्नति के पदनाम में त्रुटिवश केवल 'प्रधान प्राथमिक विद्यालय' अंकित हो गया था। इसे अब संशोधित करते हुए "प्रधान अध्यापक प्राथमिक विद्यालय / सहायक अध्यापक उच्च प्राथमिक विद्यालय" पढ़ा जाए।
शिक्षकों के लिए आवश्यक निर्देश
काउंसलिंग में सम्मिलित होने वाले सभी संबंधित शिक्षक-शिक्षिकाओं को निर्देशित किया गया है कि वे निर्धारित तिथि व समय पर अपने समस्त सेवा एवं शैक्षिक अभिलेखों की दो-दो स्वप्रमाणित छायाप्रतियों (Self-attested photocopies) तथा मूल अभिलेखों के साथ अनिवार्य रूप से उपस्थित हों।


सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म