Type Here to Get Search Results !

विशेष शिक्षक पात्रता परीक्षा (Special TET) शांतिपूर्ण एवं पारदर्शी ढंग से संपन्न, 87.92% अभ्यर्थियों ने दी परीक्षा

Sir Ji Ki Pathshala

उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग, प्रयागराज की ओर से बेसिक शिक्षा विभाग में कार्यरत शिक्षकों के लिए आयोजित विशेष शिक्षक पात्रता परीक्षा (Special TET) प्रदेश के छह मंडल मुख्यालयों पर शांतिपूर्ण एवं पारदर्शी ढंग से संपन्न हुई। आयोग की ओर से 3 नवंबर 2026 को जारी विज्ञप्ति में परीक्षा संचालन और उपस्थिति से संबंधित जानकारी साझा की गई है।

AI कैमरों से हुई परीक्षा केंद्रों की निगरानी

आयोग के अनुसार, परीक्षा के दौरान स्थापित AI Integrated Control Command Room से परीक्षा केंद्रों की सघन निगरानी की गई। आयोग के अध्यक्ष डॉ. प्रशांत कुमार, सदस्यगण, सचिव, परीक्षा नियंत्रक एवं उपसचिव की उपस्थिति में AI कैमरों के माध्यम से परीक्षा केंद्रों की गतिविधियों पर लगातार नजर रखी गई।

परीक्षा प्रदेश के छह मंडल मुख्यालयों प्रयागराज, लखनऊ, वाराणसी, गोरखपुर, मेरठ एवं आगरा में आयोजित की गई। परीक्षा दो पालियों में संपन्न हुई। प्रथम पाली सुबह 09:30 बजे से दोपहर 12:00 बजे तक तथा द्वितीय पाली दोपहर 02:30 बजे से शाम 05:00 बजे तक आयोजित हुई।

दूसरे अभ्यर्थी के स्थान पर परीक्षा देते पकड़ा गया फर्जी परीक्षार्थी

आयोग की विज्ञप्ति के अनुसार, AI आधारित सॉफ्टवेयर की मदद से संदिग्ध गतिविधियों की जांच के दौरान लखनऊ के परीक्षा केंद्र बप्पा श्री नारायण वोकेशनल इंटर कॉलेज, स्टेशन रोड पर एक फर्जी परीक्षार्थी पकड़ा गया। वह किसी अन्य अभ्यर्थी के स्थान पर परीक्षा दे रहा था। पकड़े गए व्यक्ति को अग्रेतर विधिक कार्रवाई के लिए स्थानीय पुलिस को सौंप दिया गया।

93,681 अभ्यर्थियों ने दी परीक्षा

आयोग द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार परीक्षा में दोनों पालियों को मिलाकर कुल 93,681 अभ्यर्थी शामिल हुए। कक्षा 1 से 5 तक की परीक्षा में 86.8 प्रतिशत तथा कक्षा 6 से 8 तक की परीक्षा में 89.25 प्रतिशत अभ्यर्थियों ने प्रतिभाग किया।

परीक्षा की उपस्थिति का विवरण इस प्रकार है:

विवरण पंजीकृत उपस्थित उपस्थिति
प्रथम पाली (कक्षा 1 से 5) 58,353 50,666 86.8%
द्वितीय पाली (कक्षा 6 से 8) 48,194 43,015 89.25%
कुल 1,06,547 93,681 87.92%

आयोग ने परीक्षा के सफल एवं सुचारु संचालन में जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन के सहयोग की सराहना की है। विज्ञप्ति के अनुसार परीक्षा सभी निर्धारित केंद्रों पर नकलविहीन, पारदर्शी एवं सुव्यवस्थित वातावरण में संपन्न हुई।

उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग की विशेष शिक्षक पात्रता परीक्षा 2026 की विज्ञप्ति

Top Post Ad

Bottom Post Ad