प्रयागराज। उत्तर प्रदेश के सहायता प्राप्त माध्यमिक विद्यालयों में प्रशिक्षित स्नातक शिक्षक (टीजीटी) भर्ती 2022 के हिंदी और अंग्रेजी विषय के कुल 1,114 पदों का परिणाम शुक्रवार शाम घोषित कर दिया गया। उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग ने परीक्षा समिति की बैठक के बाद परिणाम वेबसाइट पर जारी किया।
जानकारी के अनुसार, दिन में अभ्यर्थियों ने अपनी मांगों को लेकर उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग का घेराव किया था। इसके बाद शाम को परीक्षा समिति की बैठक हुई और संशोधित परिणाम जारी कर दिया गया।
चयन आयोग के उपसचिव डॉ. संजय कुमार सिंह ने बताया कि टीजीटी 2022 के अंग्रेजी विषय का चयन परिणाम, कटऑफ और अंतिम उत्तरकुंजी जारी कर दी गई है। वहीं, हिंदी विषय का संशोधित चयन परिणाम, संशोधित कटऑफ और अंतिम उत्तरकुंजी भी घोषित कर दी गई है।
अभिलेख सत्यापन के दौरान अनुपस्थित रहे अभ्यर्थियों का चयन निरस्त कर दिया गया है। अभ्यर्थी आयोग की आधिकारिक वेबसाइट पर अपना परिणाम और प्राप्तांकों का विवरण देख सकते हैं।
आयोग ने स्पष्ट किया है कि चयन परिणाम उच्च न्यायालय में दायर याचिकाओं में पारित अंतिम आदेश के अधीन रहेगा। ऐसे में भर्ती से संबंधित न्यायिक प्रक्रिया का परिणाम पर प्रभाव पड़ सकता है।
अभ्यर्थियों को सलाह दी जाती है कि वे आयोग की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर हिंदी और अंग्रेजी विषय के परिणाम, कटऑफ, अंतिम उत्तरकुंजी तथा प्राप्तांकों से संबंधित जानकारी की जांच करें। भविष्य में आवश्यकता पड़ने पर उपयोग के लिए परिणाम का प्रिंटआउट या स्क्रीनशॉट सुरक्षित रख लें।


सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म