Type Here to Get Search Results !

सम्बद्ध प्राइमरी शिक्षक भर्ती में विशेष शिक्षा डिप्लोमा व B.El.Ed शामिल, आवेदन की तिथि 4 नवंबर तक बढ़ी

Sir Ji Ki Pathshala

प्रयागराज: उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग ने अशासकीय सहायता प्राप्त माध्यमिक विद्यालयों के सम्बद्ध प्राइमरी अनुभाग में सहायक अध्यापक भर्ती की अनिवार्य अर्हता में बड़ा बदलाव किया है। इलाहाबाद उच्च न्यायालय के हालिया आदेश और शासन की सहमति के बाद अब 'विशेष शिक्षा में द्विवर्षीय डिप्लोमा' और 'चार वर्षीय बी.एल.एड.' (B-El-Ed) उपाधि धारकों को भी इस भर्ती प्रक्रिया में शामिल कर लिया गया है। इस बड़े फैसले के बाद आयोग ने अभ्यर्थियों को राहत देते हुए ऑनलाइन आवेदन और संशोधन की अंतिम तिथियों का भी विस्तार कर दिया है।

आयोग के उपसचिव संजय कुमार सिंह की ओर से 28 अक्टूबर 2026 को जारी आधिकारिक विज्ञप्ति के अनुसार, विज्ञापन संख्या-05/2026 के तहत विज्ञापित सहायक अध्यापक प्राथमिक (शहरी/बेसिक शिक्षा विभाग) तथा सहायक अध्यापक सम्बद्ध प्राइमरी (माध्यमिक शिक्षा विभाग) के पदों के संबंध में यह निर्णय लिया गया है। उच्च न्यायालय, इलाहाबाद द्वारा रिट याचिका संख्या-16588/2026 में 24 अक्टूबर 2026 को दिए गए आदेश तथा उत्तर प्रदेश शासन के माध्यमिक शिक्षा अनुभाग-5 द्वारा 27 अक्टूबर को प्रेषित पत्र के आधार पर भर्ती नियमों में यह संशोधन लागू किया गया है। अब भारतीय पुनर्वास परिषद (RCI) से मान्यता प्राप्त शिक्षा शास्त्र में द्विवर्षीय डिप्लोमा (विशेष शिक्षा) और 4 वर्षीय प्रारम्भिक शिक्षा शास्त्र में स्नातक (B-El-Ed) को मान्य अहर्ताओं में जोड़ दिया गया है।

नई अहर्ताओं के दायरे में आने वाले इच्छुक अभ्यर्थियों को अवसर प्रदान करने के लिए आयोग ने आवेदन की अंतिम तिथि को एक सप्ताह के लिए बढ़ा दिया है। पूर्व में निर्धारित 28 अक्टूबर 2026 की अंतिम तिथि को विस्तारित कर अब 4 नवंबर 2026 कर दिया गया है। इसके अलावा, जिन अभ्यर्थियों के आवेदन पत्रों में कोई त्रुटि रह गई है, वे 7 नवंबर 2026 तक अपने फॉर्म में आवश्यक संशोधन कर सकेंगे।

आयोग ने विज्ञप्ति में यह भी स्पष्ट किया है कि आवेदन की तिथियों में विस्तार होने के बावजूद पूर्व निर्धारित लिखित परीक्षा के कार्यक्रम में कोई बदलाव नहीं होगा। विज्ञापन संख्या-05/2026 के अंतर्गत होने वाली लिखित परीक्षा अपनी पूर्व निर्धारित तिथियों 3 और 4 दिसंबर 2026 को ही प्रदेश भर के निर्धारित केंद्रों पर आयोजित की जाएगी। आयोग ने पात्र अभ्यर्थियों को अंतिम समय की तकनीकी दिक्कतों से बचने के लिए समय रहते अपना पंजीकरण और आवेदन प्रक्रिया पूरी करने की सलाह दी है।

सम्बद्ध प्राइमरी शिक्षक भर्ती: B.El.Ed व विशेष शिक्षा मान्य, आवेदन 4 नवंबर तक

Top Post Ad

Bottom Post Ad