Type Here to Get Search Results !

उल्लास साक्षरता परीक्षा: पोर्टल पर अंक फ्रीज न करने पर 55 जिलों के BSA को नोटिस, 12 जिलों का काम शून्य

Sir Ji Ki Pathshala

लखनऊ: उत्तर प्रदेश में 'उल्लास–नव भारत साक्षरता कार्यक्रम' (ULLAS - New India Literacy Program) के तहत 20 सितम्बर 2026 को आयोजित साक्षरता परीक्षा (FLNAT) का मूल्यांकन कार्य और पोर्टल पर अंक अपलोडिंग की गति बेहद धीमी होने पर महानिदेशक, स्कूल शिक्षा ने कड़ी नाराजगी व्यक्त की है। बार-बार निर्देश दिए जाने के बावजूद शत-प्रतिशत डाटा सबमिट न होने को अत्यंत खेदजनक और घोर लापरवाही मानते हुए प्रदेश के 55 जिलों के जिला बेसिक शिक्षा अधिकारियों (BSA) को तत्काल कार्य पूर्ण करने के सख्त निर्देश जारी किए गए हैं।

महानिदेशक, स्कूल शिक्षा, उ०प्र० द्वारा 21 अक्टूबर 2026 को जारी पत्रांक म०नि०स्कू०/साक्षरता/6641-715/2026-27 के माध्यम से यह चेतावनी दी गई है। पत्र में स्पष्ट कहा गया है कि जिलों की इस शिथिलता के कारण परीक्षाफल प्रमाणीकरण का कार्य भारत सरकार को प्रेषित नहीं हो पा रहा है।

12 जिलों का प्रदर्शन शून्य, अयोध्या और चित्रकूट भी पिछड़े

जारी आंकड़ों के अनुसार प्रदेश के 12 जनपदों में अब तक पोर्टल पर डाटा सबमिशन का कार्य 0% (शून्य) रहा है।

  • शून्य (0%) प्रगति वाले जिले: अमरोहा, बरेली, भदोही, गौतमबुद्धनगर, गोण्डा, हापुड़, कुशीनगर, महोबा, मैनपुरी, रायबरेली, शामली और सोनभद्र।
  • धीमी प्रगति वाले जिले: अयोध्या में केवल 4.47%, चित्रकूट में 15.32%, बलिया में 20.91% और मथुरा में मात्र 22.86% डाटा ही सबमिट हो सका है।

इन जिलों का कार्य लगभग पूर्ण

जहाँ एक ओर कई जिलों का प्रदर्शन बेहद खराब रहा, वहीं कुछ जनपदों ने 90% से अधिक कार्य पूरा कर लिया है। इनमें लखीमपुर खीरी (99.93%), एटा (99.63%), संतकबीरनगर (99.20%), चन्दौली (98.53%), गाजीपुर (98.37%), आगरा (97.52%), बिजनौर (97.39%), गोरखपुर (97.17%), बस्ती (96.31%), वाराणसी (93.99%), मऊ (93.35%), अमेठी (91.15%) और बांदा (90.19%) प्रमुख हैं।

तत्काल अंक भरकर पोर्टल पर डाटा फ्रीज करने का आदेश

महानिदेशक कार्यालय द्वारा जारी निर्देश में कहा गया है कि:

  • 20 सितम्बर 2026 को संपन्न साक्षरता परीक्षा में सम्मिलित सभी नवसाक्षरों का विषयवार मूल्यांकन अविलंब पूर्ण कराया जाए।
  • समस्त प्रतिभागियों के प्राप्तांक उल्लास पोर्टल पर तत्काल भरकर, डाटा को फ्रीज करते हुए स्टेट को सबमिट किया जाए।
  • इस कार्य में किसी भी प्रकार की शिथिलता या लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

इसके साथ ही मंडलीय सहायक शिक्षा निदेशकों (बेसिक) को भी अपने-अपने मंडल के अंतर्गत आने वाले संबंधित जनपदों की समीक्षा कर उल्लास पोर्टल पर समय से अंक फ्रीज व सबमिट कराना सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है।

उल्लास–नव भारत साक्षरता कार्यक्रम की परीक्षा का मूल्यांकन और पोर्टल पर अंक फ्रीज कराने हेतु महानिदेशक स्कूल शिक्षा का आधिकारिक आदेश पत्र।




Top Post Ad

Bottom Post Ad