प्रयागराज। उत्तर प्रदेश शिक्षक पात्रता परीक्षा (UPTET) 2026 का परिणाम 26 अगस्त को जारी होने के बाद अब आयोग की वेबसाइट से हटा दिया गया है। वेबसाइट पर परिणाम उपलब्ध न होने के बाद अभ्यर्थियों के बीच संशोधित रिजल्ट जारी होने और नॉर्मलाइजेशन को लेकर विभिन्न तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं। हालांकि, अभ्यर्थी अपना परिणाम अब DigiLocker के माध्यम से प्राप्त कर सकेंगे।
वेबसाइट से रिजल्ट हटने के बाद सोशल मीडिया पर कुछ लोगों ने दावा किया कि उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग (UPESSC) संशोधित परिणाम जारी कर सकता है। वहीं कुछ अभ्यर्थियों के बीच यह भी चर्चा रही कि नॉर्मलाइजेशन से संबंधित बदलाव के बाद नया परिणाम जारी किया जा सकता है।
इन चर्चाओं के बीच आयोग के पीआरओ डॉ. संजय कुमार सिंह के अनुसार, आयोग की वेबसाइट पर किसी भी परिणाम को सामान्यतः केवल एक सप्ताह तक प्रदर्शित रखा जाता है। निर्धारित अवधि पूरी होने के बाद परिणाम वेबसाइट से हटा दिया जाता है। ऐसे में केवल वेबसाइट से रिजल्ट हटने को संशोधित परिणाम जारी होने का संकेत नहीं माना जाना चाहिए।
अभ्यर्थियों को सलाह दी गई है कि वे सोशल मीडिया पर चल रही अपुष्ट खबरों और दावों पर भरोसा न करें। UPTET 2026 के परिणाम में किसी भी संशोधन या नई सूचना से संबंधित जानकारी के लिए आयोग की आधिकारिक घोषणा का इंतजार करें। फिलहाल उपलब्ध जानकारी के अनुसार अभ्यर्थी अपने UPTET 2026 परिणाम को DigiLocker के माध्यम से प्राप्त कर सकते हैं।


सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म