लखनऊ। उत्तर प्रदेश के सभी विद्यालयों और शिक्षण संस्थानों में स्वच्छता पखवाड़ा आयोजित किया जाएगा। राज्य परियोजना निदेशक कार्यालय की ओर से जारी निर्देशों के अनुसार, 1 सितंबर से 15 सितंबर 2026 तक विद्यालयों में स्वच्छता और साफ-सफाई को लेकर विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जाएंगी।
यह अभियान स्कूल शिक्षा और साक्षरता विभाग, भारत सरकार के निर्देशों के क्रम में चलाया जा रहा है। इसके साथ ही विशेष अभियान-6 (Special Campaign 6) के तहत भी 1 अक्टूबर से 31 अक्टूबर 2026 तक निर्धारित गतिविधियां संचालित की जाएंगी।
स्कूलों में होगी स्वच्छता शपथ
जारी निर्देश के अनुसार, सभी विद्यालयों और शिक्षण संस्थानों में स्वच्छता शपथ का आयोजन किया जाएगा, जिसमें विद्यार्थी, शिक्षक और अन्य स्टाफ प्रतिभाग करेंगे।
पानी और स्वच्छता सुविधाओं का होगा निरीक्षण
विद्यालयों में पानी और स्वच्छता सुविधाओं की नियमित जांच की जाएगी। जरूरत पड़ने पर सुविधाओं की मरम्मत और व्यवस्था सुधारने के निर्देश भी दिए गए हैं।
अभिभावकों और शिक्षकों के साथ होगी बैठक
स्वच्छता पखवाड़े के पहले सप्ताह में विद्यालय प्रबंध समिति, अभिभावकों और शिक्षकों के साथ बैठक आयोजित की जाएगी। बैठक में साफ-सफाई, हाथ धोने, मास्क के सही इस्तेमाल और सामाजिक दूरी सहित स्वच्छता से जुड़ी अच्छी आदतों के महत्व पर चर्चा की जाएगी।
विद्यालयों में विद्यार्थियों को न केवल स्कूल बल्कि घर पर भी स्वच्छता संबंधी अच्छी आदतें अपनाने के लिए प्रेरित किया जाएगा।
शिक्षा विभाग का उद्देश्य बच्चों, शिक्षकों और समुदाय की सक्रिय भागीदारी से विद्यालयों में स्वच्छ और स्वस्थ वातावरण तैयार करना है।















सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म