गोरखपुर। उत्तर प्रदेश में शिक्षा मित्रों को विशेष अध्यापक पात्रता परीक्षा (विशेष टीईटी) में शामिल किए जाने की मांग के बीच गोरखपुर-फैजाबाद स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से विधान परिषद सदस्य देवेंद्र प्रताप सिंह ने मुख्यमंत्री को पत्र भेजकर शिक्षा मित्रों के हित में विशेष टीईटी में उन्हें शामिल करने का अनुरोध किया है।
विधान परिषद सदस्य ने पत्र में कहा कि प्रदेश के सेवारत शिक्षकों के लिए विशेष टीईटी आयोजित कराने का निर्णय स्वागत योग्य है। इससे प्रदेश के लाखों शिक्षकों की सेवा सुरक्षा का मार्ग प्रशस्त होगा। उन्होंने कहा कि परिषदीय विद्यालयों में करीब 25 वर्षों से निष्ठापूर्वक शिक्षण कार्य कर रहे शिक्षा मित्रों को विशेष टीईटी से वंचित रखा गया है। इससे शिक्षा मित्रों में भारी उपेक्षा और निराशा की स्थिति है।
उन्होंने मुख्यमंत्री का ध्यान शिक्षा मित्रों की विद्यालयों में महत्वपूर्ण भूमिका की ओर भी आकर्षित किया। पत्र में कहा गया है कि विद्यालयों के पठन-पाठन में शिक्षा मित्रों का योगदान महत्वपूर्ण है और वे लंबे समय से शिक्षण व्यवस्था का हिस्सा रहे हैं।
विधान परिषद सदस्य ने मुख्यमंत्री से शिक्षा मित्रों की वर्षों की सेवाओं को देखते हुए उन्हें भी विशेष अध्यापक पात्रता परीक्षा (विशेष टीईटी) में शामिल करने का ऐतिहासिक निर्णय लेने की अपील की है। उन्होंने उम्मीद जताई कि सरकार शिक्षा मित्रों के हित में सकारात्मक निर्णय लेकर उन्हें विशेष टीईटी में शामिल होने का अवसर प्रदान करेगी।


सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म