लखनऊ। उत्तर प्रदेश के बेसिक विद्यालयों को लेकर शिक्षा विभाग ने महत्वपूर्ण निर्देश जारी किए हैं। भारत सरकार द्वारा विकसित नशा मुक्त विद्यालय पोर्टल पर प्रदेश के सभी विद्यालयों का शत-प्रतिशत पंजीकरण कराने और नशा मुक्त विद्यालय से संबंधित स्वघोषणा अपलोड करने के निर्देश दिए गए हैं।
शिक्षा निदेशक (बेसिक) की ओर से प्रदेश के सभी जिला बेसिक शिक्षा अधिकारियों को भेजे गए पत्र में कहा गया है कि इस संबंध में पहले भी कई बार निर्देश जारी किए जा चुके हैं, लेकिन अभी तक सभी विद्यालयों का पंजीकरण पूरा नहीं हो सका है।
8,841 विद्यालयों का हुआ पंजीकरण
1 सितंबर 2026 की रिपोर्ट के अनुसार, प्रदेश में अब तक 8,841 विद्यालयों का पंजीकरण नशा मुक्त विद्यालय पोर्टल पर किया जा चुका है। हालांकि कई जिलों में पंजीकरण की स्थिति काफी कम बताई गई है।
पत्र के अनुसार, 10 से कम विद्यालयों का पंजीकरण करने वाले 41 जिले चिह्नित किए गए हैं। वहीं बस्ती, जौनपुर, ललितपुर, संतकबीरनगर, सिद्धार्थनगर और सोनभद्र जैसे कुछ जिलों में एक भी विद्यालय का पंजीकरण नहीं होने की बात कही गई है।
जिला नोडल अधिकारी के रूप में पंजीकरण के निर्देश
सभी जिला बेसिक शिक्षा अधिकारियों को भारत सरकार के नशा मुक्त विद्यालय पोर्टल पर जिला नोडल अधिकारी के रूप में पंजीकरण करने के निर्देश दिए गए हैं। इसके साथ ही अपने जनपद के सभी विद्यालयों का पोर्टल पर पंजीकरण सुनिश्चित कराने को कहा गया है।
रोजाना करनी होगी प्रगति की निगरानी
विभाग ने अधिकारियों को निर्देशित किया है कि वे प्रतिदिन अपने लॉगिन के माध्यम से विद्यालयों की पंजीकरण प्रगति की समीक्षा करें। साथ ही, सभी विद्यालयों का शत-प्रतिशत पंजीकरण और नशा मुक्त विद्यालय से संबंधित स्वघोषणा अपलोड कराने की प्रक्रिया जल्द पूरी कराई जाए।
शिक्षा विभाग ने स्पष्ट किया है कि इस कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं बरती जाए और सभी जिलों को प्राथमिकता के आधार पर पोर्टल पर पंजीकरण की प्रक्रिया पूरी करनी होगी।




सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म