उत्तर प्रदेश में बेसिक शिक्षा विभाग से जुड़ा महत्वपूर्ण आंकड़ा विधानसभा में सामने आया है। विधान सभा के तृतीय सत्र 2026 के प्रथम मंगलवार को विधायक श्री तेज प्रताप सिंह (करहल) द्वारा पूछे गए अतारांकित प्रश्न संख्या-51 के जवाब में सरकार ने प्राथमिक विद्यालयों में स्वीकृत सहायक अध्यापक पदों और रिक्त पदों की स्थिति बेसिक शिक्षा मंत्री जी ने स्पष्ट की है।
प्राथमिक और उच्च प्राथमिक विद्यालयों में शिक्षक-छात्र अनुपात
विधायक ने बेसिक शिक्षा मंत्री से पूछा था कि क्या प्रदेश के बेसिक शिक्षा विभाग में छात्रों के सापेक्ष शिक्षकों का अनुपात निर्धारित है।
सरकार ने जवाब में हां कहा। बताया गया कि शिक्षा का अधिकार अधिनियम (RTE Act), 2009 में छात्र-शिक्षक अनुपात निर्धारित किया गया है।
इसके अनुसार—
- प्राथमिक विद्यालयों में छात्र-शिक्षक अनुपात 30:1 है।
- उच्च प्राथमिक विद्यालयों में छात्र-शिक्षक अनुपात 35:1 है।
अर्थात विद्यालयों में विद्यार्थियों की संख्या के आधार पर शिक्षकों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए निर्धारित मानक लागू हैं।
3,27,804 सहायक अध्यापक पद स्वीकृत
विधानसभा में पूछे गए सवाल में सरकार से यह भी जानकारी मांगी गई कि बेसिक शिक्षा विभाग में शिक्षकों के कितने पद स्वीकृत हैं और उनमें से कितने पद वर्तमान में रिक्त हैं।
सरकार की ओर से दिए गए जवाब के अनुसार, प्राथमिक विद्यालयों में सहायक अध्यापकों की सीधी भर्ती के कुल 3,27,804 स्वीकृत पदों के सापेक्ष 60,958 पद रिक्त हैं।
यानी स्वीकृत पदों की तुलना में बड़ी संख्या में सहायक अध्यापक के पद अभी भी खाली हैं।
11,508 पदों पर भर्ती का अधियाचन भेजा गया
विधानसभा में सरकार ने यह भी बताया कि रिक्त पदों पर भर्ती के संबंध में कार्रवाई की जा रही है। सरकारी जवाब के मुताबिक, उत्तर प्रदेश बेसिक शिक्षा परिषद के अधीन संचालित परिषदीय प्राथमिक विद्यालयों में नगर क्षेत्र के सहायक अध्यापक के 11,508 पदों पर सीधी भर्ती के लिए अधियाचन भेजा गया है।
इन पदों पर भर्ती के लिए शिक्षा निदेशक (बेसिक), उत्तर प्रदेश द्वारा पत्रांक शिनिनोबेस/8603-05/2026-27 दिनांक 17 मई 2026 के माध्यम से अधियाचन उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग, प्रयागराज को भेजा गया है।
भर्ती को लेकर सरकार ने क्या कहा?
विधायक ने सरकार से यह भी पूछा था कि क्या सरकार रिक्त पदों पर भर्ती करने पर विचार करेगी।
इस पर सरकार की ओर से जवाब में 17 मई 2026 को 11,508 नगर क्षेत्र के सहायक अध्यापक पदों का अधियाचन उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग को भेजे जाने की जानकारी दी गई।
वहीं, यदि सरकार रिक्त पदों पर भर्ती क्यों नहीं करेगी, इस संबंध में सवाल पूछा गया तो जवाब में “प्रश्न नहीं उठता।” कहा गया।
60,958 रिक्त पदों का आंकड़ा चर्चा में
विधानसभा में दिए गए इस जवाब के बाद बेसिक शिक्षा विभाग में सहायक अध्यापकों के रिक्त पदों को लेकर स्थिति काफी स्पष्ट हो गई है। सरकार के अनुसार 3,27,804 स्वीकृत सहायक अध्यापक पदों के मुकाबले 60,958 पद रिक्त हैं।
हालांकि, विधानसभा में दिए गए जवाब में 60,958 सभी रिक्त पदों पर एक साथ भर्ती का कोई समयबद्ध कार्यक्रम घोषित नहीं किया गया है। जवाब में फिलहाल 11,508 नगर क्षेत्र के सहायक अध्यापक पदों के लिए अधियाचन चयन आयोग को भेजे जाने की जानकारी दी गई है।


सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म