Type Here to Get Search Results !

सरप्लस शिक्षकों की आपत्तियों का होगा निस्तारण, 25 अगस्त तक मांगी गई रिपोर्ट

Sir Ji Ki Pathshala

चंदौली। परिषदीय विद्यालयों में सरप्लस घोषित किए गए शिक्षकों की आपत्तियों के निस्तारण की प्रक्रिया तेज कर दी गई है। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी चंदौली की ओर से सभी खंड शिक्षा अधिकारियों को इस संबंध में आवश्यक कार्रवाई के निर्देश जारी किए गए हैं।

जारी कार्यालय आदेश के अनुसार, सरप्लस घोषित शिक्षकों की आपत्तियों के निस्तारण के लिए बेसिक शिक्षा परिषद की ओर से समिति गठित की गई है। संबंधित खंड शिक्षा अधिकारियों को अपने विकासखंड से संबंधित प्रारूप-3 (प्राथमिक) एवं प्रारूप-4 (उच्च प्राथमिक) में अंकित आपत्तिकर्ता शिक्षकों से तत्काल संपर्क कर उनकी आपत्ति की छायाप्रति प्राप्त करने को कहा गया है।

प्रत्येक आपत्ति का विस्तृत विवरण तैयार किया जाएगा। इसमें छात्र संख्या, विद्यालय की श्रेणी, कार्यरत शिक्षक, नियुक्ति की तिथि, विषय सहित निर्धारित बिंदुओं के आधार पर प्रकरण का परीक्षण किया जाएगा। निस्तारण तैयार करते समय 30 अप्रैल 2026 की वास्तविक छात्र संख्या, RTE मानक तथा विद्यालय में कार्यभार ग्रहण करने संबंधी अभिलेखों का मिलान करने के निर्देश दिए गए हैं।

आदेश में स्पष्ट किया गया है कि सभी सूचनाओं को संकलित कर आपत्ति सहित 25 अगस्त 2026 को शाम 5 बजे तक जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी कार्यालय में अनिवार्य रूप से उपलब्ध कराया जाए।

इसके बाद प्राप्त आपत्तियों को संकलित कर मंडलीय सहायक शिक्षा निदेशक (बेसिक), वाराणसी मंडल के माध्यम से सचिव, बेसिक शिक्षा परिषद, प्रयागराज के समक्ष प्रस्तुत किया जाएगा।

यह कार्रवाई उच्च न्यायालय द्वारा पारित आदेश के अनुपालन से संबंधित है। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देशों का समयबद्ध पालन सुनिश्चित करने को कहा है, ताकि सरप्लस घोषित शिक्षकों की आपत्तियों का नियमानुसार निस्तारण किया जा सके।

सरप्लस शिक्षकों की आपत्तियों का होगा निस्तारण

Top Post Ad

Bottom Post Ad

Ads Area