Type Here to Get Search Results !

विशेष टीईटी जल्द कराने का आश्वासन, शिक्षकों की सेवा सुरक्षा के लिए सरकार प्रतिबद्ध

Sir Ji Ki Pathshala

लखनऊ। उत्तर प्रदेश के परिषदीय विद्यालयों में कार्यरत नॉन-टीईटी शिक्षकों के लिए राहत भरी खबर सामने आई है। उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ के प्रतिनिधिमंडल ने प्रदेश अध्यक्ष विनय तिवारी एवं प्रदेश महामंत्री उमाशंकर सिंह के नेतृत्व में बेसिक शिक्षा विभाग के अपर मुख्य सचिव पार्थ सारथी सेन शर्मा से मुलाकात कर मुख्यमंत्री की घोषणा के अनुरूप विशेष शिक्षक पात्रता परीक्षा (स्पेशल टीईटी) आयोजित किए जाने के संबंध में विस्तृत चर्चा की।

विशेष टीईटी जल्द कराने का आश्वासन, शिक्षकों की सेवा सुरक्षा के लिए सरकार प्रतिबद्ध

बैठक के दौरान अपर मुख्य सचिव ने बताया कि 16 जून को जारी शासनादेश के अनुसार पहले यूपीटीईटी 2026 का परिणाम जारी किया जाएगा, जिसके इसी माह के अंत तक आने की संभावना है। इसके बाद विभाग शेष बचे सेवारत नॉन-टीईटी शिक्षकों का आवश्यक विवरण एकत्र करेगा और आवश्यक औपचारिकताएं पूरी करते हुए विशेष टीईटी परीक्षा जल्द आयोजित कराई जाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि राज्य सरकार की मंशा किसी भी शिक्षक की सेवा प्रभावित होने की नहीं है, बल्कि उनकी सेवा सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से ही विशेष टीईटी परीक्षा आयोजित कराई जाएगी।

प्रदेश अध्यक्ष विनय तिवारी ने शिक्षकों के हित में लिए जा रहे निर्णयों के लिए राज्य सरकार का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में शिक्षकों के लिए कैशलेस चिकित्सा सुविधा लागू करना तथा स्टेट बैंक ऑफ इंडिया के साथ एमओयू जैसे निर्णय शिक्षकों के कल्याण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि सरकार भविष्य में भी शिक्षकों के हितों की रक्षा के लिए इसी प्रकार सकारात्मक निर्णय लेती रहेगी।

बैठक के दौरान शिक्षक संघ ने कई अन्य महत्वपूर्ण विषय भी सरकार के समक्ष उठाए। प्रतिनिधिमंडल ने 1 अप्रैल 2005 से पूर्व नियुक्त शिक्षकों को पुरानी पेंशन योजना का लाभ देने, मध्यान्ह भोजन योजना के खातों का संचालन विद्यालय प्रबंध समिति के माध्यम से कराए जाने तथा 69 हजार शिक्षक भर्ती में नियुक्त शिक्षकों की सेवा सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए प्रभावी कार्रवाई किए जाने की मांग की। अपर मुख्य सचिव ने प्रतिनिधिमंडल की बातों को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित विषयों पर नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया।

बैठक में प्रांतीय संयुक्त महामंत्री डॉ. अमित सिंह, मंडलीय मंत्री अजय शुक्ला, जिलाध्यक्ष अभिषेक सिंह, हरे कृष्ण दुबे, अमित कुमार मिश्रा, राजेश सिंह 'टोनी', बलवंत सिंह, कुलदीप पाठक, संदीप शुक्ला सहित अनेक शिक्षक प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

विशेष टीईटी को लेकर हुई इस बैठक के बाद नॉन-टीईटी शिक्षकों में उम्मीद जगी है कि यूपीटीईटी परिणाम घोषित होने के तुरंत बाद विशेष टीईटी परीक्षा की प्रक्रिया शुरू होगी। यदि सरकार निर्धारित समय पर परीक्षा आयोजित कराती है तो बड़ी संख्या में सेवारत शिक्षकों को अपनी पात्रता पूरी करने का अवसर मिलेगा और उनकी सेवाएं भी सुरक्षित रह सकेंगी।