Type Here to Get Search Results !

देवरिया KGBV भर्ती 2026: कटऑफ जारी, 20 और 21 जुलाई को काउंसलिंग

Sir Ji Ki Pathshala

देवरिया। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी (बीएसए) कार्यालय, देवरिया ने जनपद के छह उच्चीकृत कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालयों (केजीबीवी) में संविदा के आधार पर विभिन्न शिक्षकीय एवं शिक्षणेत्तर पदों पर भर्ती के लिए महत्वपूर्ण सूचना जारी की है। बीएसए कार्यालय ने विभिन्न पदों के लिए कटऑफ मेरिट सूची जारी करते हुए पात्र अभ्यर्थियों को काउंसलिंग, साक्षात्कार एवं टाइपिंग टेस्ट के लिए आमंत्रित किया है।

जारी विज्ञप्ति के अनुसार, प्रत्येक रिक्त पद के सापेक्ष निर्धारित मेरिट के आधार पर अभ्यर्थियों का चयन किया गया है। प्रत्येक पद के लिए रिक्तियों के अनुपात में अभ्यर्थियों को काउंसलिंग और साक्षात्कार के लिए बुलाया गया है। चयन प्रक्रिया में दस्तावेज सत्यापन, काउंसलिंग, साक्षात्कार तथा आवश्यक पदों के लिए टाइपिंग टेस्ट शामिल रहेगा।

भर्ती प्रक्रिया के तहत प्रधानाचार्य, पीजीटी हिन्दी, पीजीटी अंग्रेजी, पीजीटी गणित, पीजीटी जीव विज्ञान, पीजीटी रसायन विज्ञान, पीजीटी भौतिक विज्ञान, कंप्यूटर विज्ञान, लैब असिस्टेंट, केयरटेकर तथा कार्यालय अधीक्षक/लिपिक सहित कई पदों के लिए श्रेणीवार कटऑफ अंक जारी किए गए हैं। अभ्यर्थी जारी मेरिट सूची के अनुसार अपनी पात्रता की जांच कर सकते हैं।

बीएसए कार्यालय के अनुसार प्रधानाचार्य, सभी पीजीटी विषय, कंप्यूटर विज्ञान, लैब असिस्टेंट और केयरटेकर पदों के लिए काउंसलिंग, साक्षात्कार एवं टाइपिंग टेस्ट 20 जुलाई 2026 को सुबह 10:00 बजे से आयोजित किया जाएगा।

वहीं कार्यालय अधीक्षक/लिपिक, सहायक रसोइया, चपरासी और चौकीदार पदों के लिए चयन प्रक्रिया 21 जुलाई 2026 को सुबह 10:00 बजे से आयोजित होगी। दोनों दिनों की काउंसलिंग एवं साक्षात्कार गांधी सभागार, विकास भवन, देवरिया में होंगे।

विज्ञप्ति में स्पष्ट किया गया है कि सभी अभ्यर्थियों को काउंसलिंग के समय अपने मूल शैक्षिक प्रमाण पत्र, अंकपत्र, जाति प्रमाण पत्र, निवास प्रमाण पत्र, चरित्र प्रमाण पत्र, आधार कार्ड, अनुभव प्रमाण पत्र सहित अन्य आवश्यक दस्तावेजों की मूल प्रतियां एवं दो सेट स्वप्रमाणित छायाप्रतियां प्रस्तुत करनी होंगी। साथ ही दो नवीनतम पासपोर्ट आकार के फोटो भी साथ लाना अनिवार्य होगा।

बीएसए कार्यालय ने यह भी स्पष्ट किया है कि निर्धारित तिथि एवं समय पर काउंसलिंग, साक्षात्कार या टाइपिंग टेस्ट में अनुपस्थित रहने वाले अभ्यर्थियों को दूसरा अवसर नहीं दिया जाएगा। केवल साक्षात्कार में शामिल होने मात्र से अंतिम चयन का दावा मान्य नहीं होगा। अंतिम चयन शासनादेश और निर्धारित नियमों के अनुसार किया जाएगा।

विभाग ने अभ्यर्थियों को सलाह दी है कि वे जारी कटऑफ सूची का अवलोकन कर समय से निर्धारित स्थल पर सभी आवश्यक दस्तावेजों के साथ उपस्थित हों। चयन प्रक्रिया से संबंधित विस्तृत जानकारी और कटऑफ सूची जनपद की आधिकारिक वेबसाइट पर भी उपलब्ध है।

देवरिया KGBV भर्ती 2026 की कटऑफ मेरिट सूची और काउंसलिंग नोटिस

Top Post Ad

Bottom Post Ad