Type Here to Get Search Results !

विद्यालयों में शिक्षण कार्य के दौरान शिक्षकों द्वारा मोबाइल के प्रयोग पर बीएसए सख्त

Sir Ji Ki Pathshala

बाराबंकी: जनपद के प्राथमिक एवं उच्च प्राथमिक विद्यालयों की व्यवस्थाओं को लेकर जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी (BSA) बाराबंकी ने सभी खंड शिक्षा अधिकारियों (BEO) को महत्वपूर्ण निर्देश जारी किए हैं। जारी आदेश में विद्यालयों की साफ-सफाई, मिड-डे मील की गुणवत्ता, शिक्षण अवधि में मोबाइल फोन के उपयोग, विद्यार्थियों की सुरक्षा तथा जर्जर विद्यालय भवनों के संबंध में तत्काल आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया है।

बीएसए कार्यालय से जारी पत्र के अनुसार भारतीय किसान यूनियन द्वारा विद्यालयों में व्याप्त विभिन्न समस्याओं के संबंध में दिए गए शिकायत पत्र के बाद यह कार्रवाई की गई है। शिकायत में विद्यालयों की स्वच्छता, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, विद्यार्थियों की सुरक्षा तथा अन्य व्यवस्थाओं को लेकर चिंता जताई गई थी।

निर्देशों में कहा गया है कि सभी विद्यालयों के शौचालयों की नियमित सफाई कराई जाए और विद्यालय परिसर के साथ-साथ आसपास उगी झाड़ियों को भी हटाया जाए, ताकि सांप, बिच्छू अथवा अन्य जहरीले जीवों से बच्चों को किसी प्रकार का खतरा न हो। यदि किसी प्रकार की दुर्घटना होती है तो संबंधित प्रधानाध्यापक एवं जिम्मेदार अधिकारी उत्तरदायी होंगे।

मध्याह्न भोजन (मिड-डे मील) की गुणवत्ता को लेकर भी सख्त निर्देश जारी किए गए हैं। विद्यालयों में शासन द्वारा निर्धारित मेन्यू के अनुसार ही भोजन वितरित किया जाए तथा दूध एवं फल का वितरण भी नियमानुसार सुनिश्चित किया जाए। यदि भोजन की गुणवत्ता में कमी, बजट के दुरुपयोग अथवा किसी प्रकार की लापरवाही की शिकायत मिलती है तो संबंधित अधिकारियों के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी।

इसके अलावा शिक्षण अवधि के दौरान शिक्षकों द्वारा अनावश्यक रूप से मोबाइल फोन के उपयोग पर भी रोक लगाने के निर्देश दिए गए हैं। निरीक्षण के दौरान यदि कोई शिक्षक पढ़ाई के समय मोबाइल का उपयोग करता हुआ पाया जाता है तो उसके विरुद्ध अनुशासनात्मक कार्रवाई के लिए रिपोर्ट भेजी जाएगी।

बीएसए ने कुछ चिन्हित विद्यालयों में विशेष निरीक्षण एवं सफाई अभियान चलाने के निर्देश भी दिए हैं। वहीं जिन क्षेत्रों में बंदरों का आतंक है, वहां स्थानीय वन विभाग और ग्राम पंचायत के सहयोग से आवश्यक कार्रवाई कर विद्यार्थियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने को कहा गया है।

आदेश में यह भी कहा गया है कि बच्चों की सुरक्षा के लिए खतरा बने जर्जर विद्यालय भवनों का सर्वे कर उनके ध्वस्तीकरण एवं नियमानुसार नीलामी की प्रक्रिया शीघ्र प्रारंभ की जाए।

जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ने सभी खंड शिक्षा अधिकारियों को निर्देशित किया है कि जारी आदेश में दिए गए सभी बिंदुओं का कड़ाई से पालन सुनिश्चित कर एक सप्ताह के भीतर की गई कार्रवाई की रिपोर्ट कार्यालय को उपलब्ध कराएं। प्रशासन का कहना है कि इन निर्देशों का उद्देश्य विद्यालयों में सुरक्षित, स्वच्छ और गुणवत्तापूर्ण शैक्षिक वातावरण उपलब्ध कराना है।

बाराबंकी BSA द्वारा विद्यालयों के लिए जारी महत्वपूर्ण निर्देश

Top Post Ad

Bottom Post Ad