Type Here to Get Search Results !

यूपी बोर्ड से जुड़े 465 वित्तविहीन विद्यालयों की मान्यता रद्द, गाजीपुर और प्रयागराज में सबसे ज्यादा गाज

Sir Ji Ki Pathshala 0

उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद (UP Board) ने नियमों की अनदेखी करने वाले प्रदेश के 465 वित्तविहीन (Self-Financed) स्कूलों पर बड़ी कार्रवाई की है। बोर्ड ने इन सभी विद्यालयों की मान्यता को तत्काल प्रभाव से समाप्त कर दिया है। यूपी बोर्ड के सचिव भगवती सिंह ने इस संबंध में प्रदेश के सभी जिला विद्यालय निरीक्षकों (DIOS) को जरूरी दिशा-निर्देश जारी कर दिए हैं।

UP Board Latest News School Recognition Cancellation

​इस वजह से रद्द हुई मान्यता

​यह कार्रवाई इंटरमीडिएट शिक्षा अधिनियम-1921 के विनियमों के तहत की गई है। इस अधिनियम के प्रावधानों के अनुसार, यदि हाईस्कूल या इंटरमीडिएट स्तर का कोई भी विद्यालय लगातार दो वर्षों तक कोई छात्र परीक्षा में शामिल नहीं कराता है, या स्कूल में लगातार दो साल तक कक्षाएं संचालित नहीं होती हैं, तो ऐसी स्थिति में विद्यालय की मान्यता स्वतः समाप्त मान ली जाती है। शैक्षिक सत्र 2024-25 और 2025-26 में इन 465 स्कूलों से न तो कोई छात्र बोर्ड परीक्षा में बैठा और न ही यहाँ कक्षाएं चलीं, जिसके चलते इनकी मान्यता स्वतः ही रद्द हो गई है।

​रिकॉर्ड सुरक्षित रखने के आदेश

​सचिव भगवती सिंह ने सभी जिला विद्यालय निरीक्षकों को कड़े आदेश दिए हैं कि जिन स्कूलों की मान्यता समाप्त हुई है, उनके सभी शैक्षिक दस्तावेजों और अभिलेखों को सुरक्षित किया जाए। इन महत्वपूर्ण अभिलेखों को जिले के ही किसी राजकीय यानी सरकारी या सहायता प्राप्त (Aided) विद्यालय में ट्रांसफर कर संरक्षित कराने की जिम्मेदारी सभी DIOS को सौंपी गई है।

​गाजीपुर और प्रयागराज में सबसे ज्यादा असर

​मान्यता गंवाने वाले स्कूलों में सबसे खराब स्थिति गाजीपुर जिले की है, जहाँ सर्वाधिक 47 स्कूलों पर गाज गिरी है। इस सूची में 25 स्कूलों के साथ प्रयागराज दूसरे नंबर पर है। इसके बाद कानपुर नगर के 18, एटा के 17 और आजमगढ़ के 16 स्कूलों की मान्यता खत्म की गई है। इसी तरह अलीगढ़, मऊ व लखनऊ के 15-15, हरदोई के 14, फतेहपुर के 13 और आगरा के 12 स्कूल इस कार्रवाई की जद में आए हैं। वहीं कौशाम्बी, संत कबीर नगर, मथुरा और मुरादाबाद के 11-11 विद्यालय तथा प्रतापगढ़, बलिया, जौनपुर, फिरोजाबाद व मैनपुरी के 10-10 स्कूलों की मान्यता समाप्त हो गई है।

​प्रयागराज के इन 25 स्कूलों की छिनी मान्यता

​प्रयागराज जिले के जिन प्रमुख वित्तविहीन स्कूलों की मान्यता छीनी गई है, उनमें एएम गर्ल्स इंटर कॉलेज (निहालपुर करेली), सेंट जोसेफ्स गर्ल्स कॉलेज, एमजी उच्चतर माध्यमिक विद्यालय (लालगोपालगंज), जुबैदा खातून गर्ल्स हाई स्कूल, एनकेएस. इंटर कॉलेज (अकोरहा कौंधियारा) और एसएसजेपीएस गर्ल्स हाईस्कूल (उमरपुर नींवा) शामिल हैं।

​इसके अलावा शिवम हाई स्कूल (लेहरा गोहरी), श्रीमती बीवाई गर्ल्स हाईस्कूल (लोकमनपुर), चिन्मय हाईस्कूल (रसूलाबाद), न्यू ब्राइट गर्ल्स इंटर कॉलेज (करेली), बिट्ज मेमोरियल गर्ल्स हाईस्कूल (सेवइत), एबी हाईस्कूल (जगदीशपुर), आरकेबीवाई हाईस्कूल (कुरेसर, अटरामपुर), सरस्वती कन्या हाईस्कूल (बेरुई गारापुर), एपीएसएस हाईस्कूल (सहसों) और श्रीमती शकुंतला देवी राजबहादुर उच्च माध्यमिक विद्यालय (डुबरा जगदीशपुर) की भी मान्यता रद्द कर दी गई है।

​कार्रवाई की जद में आए अन्य स्कूलों में जनता इंटर कॉलेज (चाका नैनी), आरआरबी कॉन्वेंट स्कूल (एडीए कॉलोनी नैनी), हनुमत कृपा उच्च माध्यमिक विद्यालय (प्रतापपुर हंडिया), सरदार पटेल इंटर कॉलेज (मिश्रापुर बारा), राम कैलाश यादव उच्च माध्यमिक विद्यालय (अरवासी माई बहादुरगढ़ फूलपुर), एएम ऑक्सफोर्ड पब्लिक कॉलेज (करेली), रामयश पब्लिक इंटर कॉलेज (मलाक बलाऊ नवाबगंज), निर्मला देवी स्मारक स्कूल (नौगंवा कौंधियारा) और मुरारी सिंह मेमोरियल कॉन्वेंट स्कूल (होलागढ़ सोरांव) शामिल हैं।

إرسال تعليق

0 تعليقات
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad

Bottom Post Ad