लखनऊ। उत्तर प्रदेश के बुनियादी शिक्षा ढांचे को मजबूत करने में अपना अमूल्य योगदान देने वाले अंशकालिक अनुदेशकों के लिए कल का दिन बेहद खास होने जा रहा है। राजधानी लखनऊ के लोक भवन स्थित मुख्य सभागार में 17 मई, 2026 को शाम 05:00 बजे से भव्य ‘अंशकालिक अनुदेशक सम्मान समारोह’ का आयोजन किया जा रहा है। इस कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि माननीय मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा किया जाएगा।
स्कूल शिक्षा महानिदेशक मोनिका रानी द्वारा जारी पत्र के अनुसार, शैक्षिक सत्र 2026-27 के तहत आयोजित होने वाले इस समारोह की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। शासन ने सूचना एवं जनसंपर्क विभाग को इस ऐतिहासिक कार्यक्रम के व्यापक प्रचार-प्रसार के निर्देश दिए हैं।
बढ़े हुए मानदेय के चेक सौंपेंगे मुख्यमंत्री
इस समारोह का सबसे मुख्य आकर्षण अनुदेशकों के मानदेय में की गई वृद्धि होगी। कार्यक्रम के दौरान माननीय मुख्यमंत्री जी द्वारा 10 चयनित अनुदेशकों को बढ़े हुए मानदेय से संबंधित प्रतीकात्मक चेक (Symbolic Cheque) सौंपे जाएंगे। इसके साथ ही, बेसिक शिक्षा क्षेत्र में अनुदेशकों के योगदान और शिक्षा विभाग की हालिया उपलब्धियों पर आधारित एक लघु फिल्म का भी प्रदर्शन किया जाएगा।
भव्य होगा मिनट-टू-मिनट कार्यक्रम का स्वरूप
लोक भवन में आयोजित होने वाला यह पूरा कार्यक्रम कुल 60 मिनट (1 घंटे) का होगा। कार्यक्रम की शुरुआत माननीय मुख्यमंत्री जी के मंच पर आगमन के साथ होगी। इसके बाद माननीय बेसिक शिक्षा मंत्री जी द्वारा मुख्यमंत्री जी और दोनों उप-मुख्यमंत्री जी का स्वागत किया जाएगा, जबकि अपर मुख्य सचिव द्वारा बेसिक शिक्षा मंत्री जी का स्वागत होगा।
स्वागत उद्बोधन और शिक्षा विभाग पर आधारित लघु फिल्म के प्रदर्शन के बाद माननीय उप-मुख्यमंत्री श्री बृजेश पाठक जी कार्यक्रम को संबोधित करेंगे। इसके तुरंत बाद मुख्यमंत्री जी के कर-कमलों द्वारा 'होलिस्टिक रिपोर्ट कार्ड' का विमोचन किया जाएगा। तत्पश्चात माननीय उप-मुख्यमंत्री श्री केशव प्रसाद मौर्य जी अपना उद्बोधन देंगे।
कार्यक्रम के मुख्य चरण में माननीय मुख्यमंत्री जी द्वारा 10 अनुदेशकों को बढ़े मानदेय के चेक वितरित किए जाएंगे। इसके बाद मुख्यमंत्री जी पूरे प्रदेश के अनुदेशकों और शिक्षकों को संबोधित करते हुए अपना मुख्य उद्बोधन एवं आशीर्वाद प्रदान करेंगे। कार्यक्रम का समापन सामूहिक फोटोग्राफी के साथ होगा।
विशिष्ट अतिथियों की रहेगी मौजूदगी
इस समारोह में दोनों उप-मुख्यमंत्री, बेसिक शिक्षा मंत्री, अपर मुख्य सचिव समेत शिक्षा विभाग के तमाम आला अधिकारी और प्रदेश भर से आए शिक्षक व अनुदेशक मौजूद रहेंगे। सुरक्षा और व्यवस्था को लेकर प्रशासन द्वारा कड़े इंतजाम किए गए हैं।





Social Plugin