प्रयागराज। उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद (UPMSP) ने हाईस्कूल और इंटरमीडिएट के परीक्षार्थियों को उनके शैक्षिक विवरणों में सुधार करने का एक अंतिम अवसर प्रदान किया है। हाल ही में घोषित हुए परीक्षा परिणामों के बाद, यदि किसी छात्र के अंकपत्र या प्रमाणपत्र में कोई त्रुटि रह गई है, तो उसके संशोधन की प्रक्रिया आज (सोमवार, 27 अप्रैल) से शुरू हो रही है।
इच्छुक छात्र और अभिभावक 6 मई तक इसके लिए ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। बोर्ड ने स्पष्ट किया है कि भविष्य में होने वाली असुविधाओं से बचने और त्रुटिहीन प्रमाणपत्र सुनिश्चित करने के लिए यह महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है।
किन विवरणों में हो सकेगा सुधार?
बोर्ड सचिव भगवती सिंह के अनुसार, छात्र निम्नलिखित विवरणों में संशोधन के लिए आवेदन कर सकते हैं:
- परीक्षार्थी का नाम (स्पेलिंग में सुधार)
- माता-पिता का नाम
- जन्मतिति (Date of Birth)
- छात्र की फोटो
संशोधन की प्रक्रिया: प्रधानाचार्यों के माध्यम से होगा आवेदन
संशोधन की प्रक्रिया पूरी तरह ऑनलाइन है, लेकिन इसे व्यक्तिगत रूप से छात्र के बजाय संबंधित विद्यालय के प्रधानाचार्य के माध्यम से ही पूरा किया जाएगा:- वेबसाइट लॉगिन: प्रधानाचार्य बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट upmsp.edu.in पर लॉगिन करेंगे।
- प्रारूप डाउनलोड: निर्धारित प्रारूप और मैनुअल डाउनलोड कर उसमें वांछित सुधार दर्ज किए जाएंगे।
- सत्यापन और अनुमोदन: प्रधानाचार्य विवरणों को स्वयं सत्यापित करेंगे और फिर जिला विद्यालय निरीक्षक (DIOS) से अनुमोदन प्राप्त करेंगे।
- अपलोडिंग: अनुमोदित प्रारूप और आवश्यक साक्ष्य (प्रमाणपत्र) पुनः वेबसाइट पर अपलोड किए जाएंगे।
लापरवाही बरतने वाले स्कूलों पर होगी कार्रवाई
यूपी बोर्ड ने सख्त रुख अपनाते हुए चेतावनी दी है कि यदि किसी विद्यालय में संशोधन की आवश्यकता है और निर्धारित अवधि (6 मई) तक पोर्टल पर आवेदन नहीं किया जाता, तो भविष्य में होने वाली किसी भी समस्या के लिए विद्यालय प्रशासन जिम्मेदार होगा। ऐसे स्कूलों को चिह्नित कर उनके विरुद्ध दंडात्मक कार्रवाई भी की जा सकती है।यदि आपके प्रमाणपत्र में कोई गलती है, तो तुरंत अपने विद्यालय के प्रधानाचार्य से संपर्क करें और 6 मई से पहले सुधार की प्रक्रिया सुनिश्चित करें।


सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म