फतेहपुर | उत्तर प्रदेश के फतेहपुर जिले में साइबर अपराध का एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। यहाँ एक शिक्षक के साथ शातिर ठगों ने ऐसी धोखाधड़ी की कि उनके दो अलग-अलग बैंक खातों से कुल 6,72,636 रुपये पार कर दिए। इस घटना ने न केवल पुलिस प्रशासन को चुनौती दी है, बल्कि पीड़ित परिवार की खुशियों पर भी ग्रहण लगा दिया है।
![]() |
| सांकेतिक फोटो |
मैसेज देख उड़े होश, किश्तों में साफ हुई रकम
पीड़ित शिक्षक निरंजन के अनुसार, ठगी की शुरुआत 29 मार्च को हुई जब उनके इंडियन बैंक के खाते से बिना किसी जानकारी के दो किश्तों में ₹49,494 और ₹99,000 निकाल लिए गए। ठग यहीं नहीं रुके, अगले ही दिन 30 मार्च को उन्होंने उत्तर प्रदेश ग्रामीण बैंक के खाते को निशाना बनाया।
ग्रामीण बैंक के खाते से शातिरों ने ₹99,900, ₹24,000, ₹19,990 और कई छोटी किश्तों में कुल ₹5,24,142 उड़ा दिए। जब शिक्षक के मोबाइल पर एक के बाद एक ट्रांजैक्शन के मैसेज आने शुरू हुए, तब उन्हें इस महाठगी का एहसास हुआ।
बहन की शादी का पैसा ले उड़े ठग
इस ठगी का सबसे दुखद पहलू यह है कि चोरी हुई रकम कोई सामान्य बचत नहीं थी। पीड़ित शिक्षक ने बताया कि उनके घर में बहन की शादी है। शादी की तैयारियों और खर्चों को पूरा करने के लिए उन्होंने बैंक से लोन (Loan) लिया था। ठगों ने उसी लोन की पूरी राशि साफ कर दी। अब पीड़ित परिवार के सामने सबसे बड़ा संकट यह है कि बहन की शादी का खर्च कैसे मैनेज होगा।
पढ़े-लिखे लोग भी बन रहे शिकार: पुलिस की जांच शुरू
साइबर क्राइम थाना प्रभारी कमर खान ने बताया कि पीड़ित की शिकायत पर केस दर्ज कर लिया गया है। पुलिस उन सभी बैंक ट्रांजैक्शन की पड़ताल कर रही है जहाँ पैसे ट्रांसफर किए गए हैं।
विशेषज्ञों का मानना है कि ठग अक्सर मोबाइल ऐप, संदिग्ध लिंक या मैसेज के जरिए फोन को हैक कर लेते हैं। एक बार फोन का एक्सेस मिलने के बाद, वे नेट बैंकिंग और ओटीपी (OTP) के जरिए खातों को खाली कर देते हैं।


Social Plugin