प्रयागराज। उत्तर प्रदेश के माध्यमिक और बेसिक शिक्षा विभाग में शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए स्थानांतरण (तबादला) प्रक्रिया की सुगबुगाहट शुरू हो गई है। शिक्षा निदेशालय (बेसिक), प्रयागराज ने प्रदेश के सभी मण्डलीय संयुक्त शिक्षा निदेशकों को कड़ा निर्देश जारी करते हुए अधीनस्थ राजकीय कार्यालयों, विद्यालयों और संस्थानों में कार्यरत समूह 'ग' (Group C) के कर्मचारियों का अपडेटेड सेवा विवरण उपलब्ध कराने को कहा है।
इन पदों पर कार्यरत कर्मियों का होगा स्थानांतरण
निदेशालय द्वारा जारी पत्र के अनुसार, इस स्थानांतरण प्रक्रिया के दायरे में निम्नलिखित पदों पर कार्यरत कर्मचारी आएंगे:
- कनिष्ठ सहायक (Junior Assistant)
- वरिष्ठ सहायक (Senior Assistant)
- प्रधान सहायक (Head Assistant)
- प्रशासनिक अधिकारी एवं आशुलिपिक
- वैयक्तिक सहायक (ग्रेड-1 और ग्रेड-2)
- प्रयोगशाला सहायक (Lab Assistant)
- उर्दू अनुवादक
- चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी
लापरवाही पर जताई नाराजगी, 3 दिन का दिया अल्टीमेटम
ताजा जारी 'स्मरण पत्र' (Reminder) के अनुसार, निदेशालय ने इससे पूर्व 17 मार्च 2026 को भी विवरण मांगा था, जिसके लिए 15 दिन का समय दिया गया था। समय सीमा बीत जाने के बाद भी सूचनाएं उपलब्ध न कराए जाने पर निदेशालय ने सख्त रुख अपनाया है। अधिकारियों ने इसे 'अत्यंत खेदजनक' बताते हुए अब मात्र 03 कार्य दिवसों के भीतर अनिवार्य रूप से हार्ड और सॉफ्ट कॉपी (MS Word फॉर्मेट में) उपलब्ध कराने का अंतिम निर्देश दिया है।
मुख्य दिशा-निर्देश और शर्तें
शिक्षा निदेशालय ने स्थानांतरण विवरण तैयार करने के लिए कड़े मानक निर्धारित किए हैं:
- रिक्त पदों की सूचना: प्रारूप "क" पर स्वीकृत और रिक्त पदों का पूरा ब्यौरा देना होगा।
- सेवा विवरण: प्रारूप "ख" पर प्रत्येक कर्मचारी का अलग-अलग विवरण देना अनिवार्य है।
- ई-सर्विस बुक: सभी मण्डलीय संयुक्त शिक्षा निदेशकों को निर्देश दिया गया है कि वे मूल अभिलेखों से मिलान करने के बाद कर्मियों की 'ई-सर्विस बुक' की प्रमाणित प्रति भी भेजें।
- गणना तिथि: कर्मचारी के एक ही स्थान पर ठहराव की अवधि की गणना 31 मार्च 2026 तक मानी जाएगी।
जवाबदेही तय
अपर शिक्षा निदेशक (बेसिक) द्वारा स्पष्ट किया गया है कि यदि किसी भी स्तर पर सूचना अधूरी, त्रुटिपूर्ण या विलंबित पाई जाती है, तो इसके लिए संबंधित मण्डलीय संयुक्त शिक्षा निदेशक सीधे तौर पर उत्तरदायी होंगे।
इस कवायद से स्पष्ट है कि विभाग आने वाले हफ्तों में बड़ी संख्या में ग्रुप 'ग' के कर्मचारियों के पटल परिवर्तन और जिलेवार तबादलों की सूची जारी करने की योजना बना रहा है।






सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म