सीतापुर। भारत सरकार के "उल्लास-नव भारत साक्षरता कार्यक्रम" के तहत वित्तीय वर्ष 2025-26 की द्वितीय मूलभूत साक्षरता एवं संख्यात्मक मूल्यांकन परीक्षा का आयोजन आगामी 15 मार्च, 2026 (रविवार) को किया जाएगा। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी (BSA), सीतापुर ने इस संबंध में आधिकारिक आदेश जारी कर परीक्षा को शुचितापूर्ण ढंग से संपन्न कराने के निर्देश दिए हैं।
परीक्षा का समय और माध्यम
यह परीक्षा जिले के उन सभी विद्यालयों में आयोजित की जाएगी जो यू-डायस (U-DISE) पोर्टल पर पंजीकृत हैं। परीक्षा का समय प्रातः 10:00 बजे से सायं 05:00 बजे तक निर्धारित किया गया है और यह पूरी तरह से ऑफलाइन मोड में संचालित होगी।
निरीक्षण के लिए कड़े निर्देश
परीक्षा की पारदर्शिता और शुचिता बनाए रखने के लिए शिक्षा विभाग ने व्यापक निगरानी योजना तैयार की है। जारी आदेश के अनुसार:
- अधिकारी और समन्वयक: खंड शिक्षा अधिकारी, जिला समन्वयक, SRG और ARP को विशेष जिम्मेदारी सौंपी गई है।
- अनिवार्य विजिट: प्रत्येक अधिकारी को कम से कम 02 ब्लॉकों/न्याय पंचायतों के कम से कम 05 विद्यालयों का सघन निरीक्षण करना होगा।
- आख्या रिपोर्ट: निरीक्षण के तत्काल बाद सभी अधिकारियों को अपनी रिपोर्ट अधोहस्ताक्षरी कार्यालय में जमा करनी होगी।
रविवार को भी खुलेंगे विद्यालय
चूंकि परीक्षा 15 मार्च (रविवार) को आयोजित हो रही है, इसलिए जिले के सभी प्राथमिक, उच्च प्राथमिक, कम्पोजिट और सहायता प्राप्त विद्यालयों के प्रधानाध्यापकों को निर्देश दिया गया है कि वे परीक्षा के सफल संचालन के लिए अनिवार्य रूप से उपस्थित रहें।


Social Plugin