Type Here to Get Search Results !

KVS Admission 2026: केंद्रीय विद्यालय में एडमिशन की तैयारी शुरू, जानें आवेदन प्रक्रिया, उम्र सीमा और जरूरी दस्तावेज

Sir Ji Ki Pathshala

केंद्रीय विद्यालय में अपने बच्चों का एडमिशन कराने की योजना बना रहे अभिभावकों के लिए अहम खबर है। केंद्रीय विद्यालय संगठन (KVS) जल्द ही KVS Admission 2026 के लिए अधिसूचना जारी कर सकता है। नोटिफिकेशन जारी होने के बाद कक्षा 1 और बालवाटिका (Balvatika) के लिए ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया शुरू होगी।

KVS Admission 2026 online registration for class 1 and balvatika in kendriya vidyalaya

पिछले साल 2025 में केवीएस ने 6 मार्च को एडमिशन नोटिफिकेशन जारी किया था और 7 मार्च से आवेदन प्रक्रिया शुरू हो गई थी। इस बार भी मार्च 2026 में ही आवेदन शुरू होने की संभावना है। आधिकारिक नोटिफिकेशन जारी होने के बाद अभिभावक kvsangathan.nic.in वेबसाइट पर जाकर ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे।

पिछले साल का शेड्यूल और इस साल की संभावित स्थिति

पिछले साल केंद्रीय विद्यालय में एडमिशन की प्रक्रिया मार्च के पहले सप्ताह में शुरू हुई थी। कक्षा 1 और बालवाटिका के लिए ऑनलाइन आवेदन लिया गया था, जबकि कक्षा 2 और उससे ऊपर की कक्षाओं के लिए ऑफलाइन आवेदन प्रक्रिया अपनाई गई थी।

प्रक्रिया 2025 की तारीख
नोटिफिकेशन जारी 6 मार्च 2025
आवेदन शुरू 7 मार्च 2025
आवेदन की अंतिम तिथि 21 मार्च 2025
पहली मेरिट लिस्ट (कक्षा 1) 25 मार्च 2025
पहली मेरिट लिस्ट (बालवाटिका) 26 मार्च 2025
दूसरी मेरिट लिस्ट 2 अप्रैल 2025
तीसरी मेरिट लिस्ट 7 अप्रैल 2025

फिलहाल KVS Admission 2026 के लिए आधिकारिक तारीखों की घोषणा नहीं हुई है। जैसे ही नोटिफिकेशन जारी होगा, पूरा शेड्यूल अपडेट कर दिया जाएगा।

केंद्रीय विद्यालय एडमिशन के लिए उम्र सीमा

केंद्रीय विद्यालय में अलग-अलग कक्षाओं के लिए उम्र सीमा निर्धारित की गई है। उम्र की गणना हर साल 31 मार्च के आधार पर की जाती है। दिव्यांग बच्चों को अधिकतम उम्र सीमा में 2 साल तक की छूट दी जा सकती है।

कक्षा उम्र सीमा
बालवाटिका 1 3 से 4 साल
बालवाटिका 2 4 से 5 साल
बालवाटिका 3 5 से 6 साल
कक्षा 1 6 से 8 साल
कक्षा 2 7 से 9 साल
कक्षा 3 7 से 9 साल
कक्षा 4 8 से 10 साल
कक्षा 5 9 से 11 साल
कक्षा 6 10 से 12 साल
कक्षा 7 11 से 13 साल
कक्षा 8 12 से 14 साल
कक्षा 9 13 से 15 साल
कक्षा 10 14 से 16 साल

कक्षा 11 और 12 में एडमिशन के लिए कोई निर्धारित उम्र सीमा नहीं रखी गई है।

कक्षा 1 और बालवाटिका के लिए आवेदन प्रक्रिया

कक्षा 1 और बालवाटिका में एडमिशन के लिए ऑनलाइन आवेदन करना अनिवार्य है। आवेदन करने के लिए नीचे दिए गए स्टेप्स को फॉलो करें:

  • सबसे पहले आधिकारिक वेबसाइट kvsangathan.nic.in पर जाएं।
  • होमपेज पर “नया पंजीकरण” (New Registration) विकल्प पर क्लिक करें।
  • बच्चे का नाम, माता-पिता का नाम, जन्म तिथि और पता दर्ज करें।
  • रजिस्ट्रेशन के बाद आपको एक यूनिक लॉगिन कोड मिलेगा, जिसे सुरक्षित रखें।
  • उपलब्ध सूची में से अधिकतम 3 केंद्रीय विद्यालय का चयन करें।
  • आवश्यक जानकारी भरें और जरूरी दस्तावेज अपलोड करें।
  • फॉर्म सबमिट करने से पहले सभी जानकारी अच्छी तरह जांच लें।

फॉर्म जमा होने के बाद एक यूनिक आवेदन कोड मिलेगा, जिसे एडमिशन प्रक्रिया पूरी होने तक सुरक्षित रखना जरूरी है।

कक्षा 2 और उससे ऊपर की कक्षाओं में एडमिशन

कक्षा 2 और उससे ऊपर की कक्षाओं में एडमिशन तभी दिया जाता है जब संबंधित विद्यालय में सीटें खाली हों। ऐसे मामलों में आवेदन प्रक्रिया ऑफलाइन होती है।

पिछले साल 2025 में इन कक्षाओं के लिए आवेदन 2 अप्रैल से 11 अप्रैल तक ऑफलाइन मोड में लिए गए थे। इस साल भी यही प्रक्रिया अपनाई जा सकती है। इच्छुक अभिभावकों को आवेदन फॉर्म संबंधित केंद्रीय विद्यालय के प्रिंसिपल कार्यालय में जमा करना होगा।

एडमिशन के लिए जरूरी दस्तावेज

KVS Admission 2026 के लिए आवेदन करते समय कुछ जरूरी दस्तावेज पहले से तैयार रखना जरूरी है।

  • बच्चे की स्कैन की हुई फोटो (JPG फॉर्मेट, अधिकतम 256 KB)
  • जन्म प्रमाण पत्र
  • जाति प्रमाण पत्र (यदि आरक्षण का लाभ लेना हो)
  • आवास प्रमाण पत्र
  • ईडब्ल्यूएस या बीपीएल प्रमाण पत्र
  • माता-पिता का सेवा प्रमाण पत्र (यदि लागू हो)
  • रक्षा कर्मियों के लिए सेवानिवृत्ति प्रमाण पत्र
  • विकलांगता प्रमाण पत्र (यदि लागू हो)
  • दादा-दादी के सेवा आधार पर आवेदन करने पर रिश्ते का प्रमाण

ध्यान रखें कि आवेदन में किसी भी प्रकार की गलत जानकारी देने पर एडमिशन निरस्त किया जा सकता है।

सीटों का आरक्षण और प्राथमिकता क्रम

केंद्रीय विद्यालय में एडमिशन के लिए आरक्षण व्यवस्था भी लागू है।

  • अनुसूचित जाति (SC) – 15%
  • अनुसूचित जनजाति (ST) – 7.5%
  • ओबीसी-एनसीएल (OBC-NCL) – 27%
  • दिव्यांग बच्चों के लिए – 3%

एडमिशन के लिए प्राथमिकता क्रम भी तय किया गया है। सबसे पहले केंद्र सरकार के कर्मचारी और पूर्व सैनिकों के बच्चों को प्राथमिकता दी जाती है। इसके बाद केंद्र सरकार के स्वायत्त संस्थानों और सार्वजनिक उपक्रमों के कर्मचारियों के बच्चे आते हैं। इसके बाद राज्य सरकार के कर्मचारी और अन्य श्रेणियों के आवेदकों को अवसर दिया जाता है।

Top Post Ad

Bottom Post Ad