Type Here to Get Search Results !

परिषदीय उच्च प्राथमिक स्कूलों में 29,334 भर्ती की बची सीटों पर काउंसिलिंग आज से शुरू

Sir Ji Ki Pathshala

प्रयागराज। परिषदीय उच्च प्राथमिक विद्यालयों में विज्ञान एवं गणित विषय के सहायक अध्यापक पदों पर चल रही 29,334 भर्ती प्रक्रिया के अंतर्गत रिक्त रह गए 1,700 से अधिक पदों को भरने के लिए शुक्रवार से काउंसिलिंग शुरू हो रही है। यह काउंसिलिंग सीमैट एलनगंज, प्रयागराज में आयोजित की जा रही है।

1,501 अभ्यर्थियों को काउंसिलिंग के लिए बुलावा

इस काउंसिलिंग प्रक्रिया में उन 1,501 अभ्यर्थियों को शामिल किया गया है, जिन्होंने 31 दिसंबर 2019 से पहले इस भर्ती से संबंधित याचिकाएं हाईकोर्ट अथवा सुप्रीम कोर्ट में दाखिल की थीं। पहले दिन कुल 500 अभ्यर्थियों की काउंसिलिंग कराई जाएगी, जिसके लिए तीन अलग-अलग काउंटर बनाए गए हैं।

परिषदीय उच्च प्राथमिक स्कूल भर्ती की बची सीटों पर काउंसिलिंग प्रक्रिया आज से

सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बाद शुरू हुई प्रक्रिया

गौरतलब है कि सुप्रीम कोर्ट ने 29 जनवरी 2025 को आदेश दिया था कि इस भर्ती में चयनित न्यूनतम कटऑफ से अधिक अंक प्राप्त करने वाले उन सभी अभ्यर्थियों की नियुक्ति की जाए, जिन्होंने तय समय सीमा से पहले न्यायालय में याचिका दायर की थी। इसी आदेश के अनुपालन में अब शेष पदों पर भर्ती की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जा रही है।

नोडल अधिकारी नियुक्त, मेरिट के आधार पर काउंसिलिंग

बेसिक शिक्षा परिषद के सचिव सुरेन्द्र कुमार तिवारी ने बताया कि काउंसिलिंग प्रक्रिया के लिए उपसचिव अजय प्रताप सिंह को नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है। काउंसिलिंग राज्य स्तरीय गुणांक (मेरिट) के आधार पर की जाएगी।

अभिलेख सत्यापन के बाद होगा जिला आवंटन

काउंसिलिंग के दौरान अभ्यर्थियों के दस्तावेजों का सत्यापन किया जाएगा। प्रक्रिया सफलतापूर्वक पूरी होने के बाद चयनित अभ्यर्थियों को इस माह के अंत तक जिला आवंटन किए जाने की तैयारी है।

शिक्षा विभाग का कहना है कि इस प्रक्रिया के पूरा होने से परिषदीय उच्च प्राथमिक विद्यालयों में विज्ञान और गणित विषय के शिक्षकों की कमी को काफी हद तक दूर किया जा सकेगा।

Top Post Ad

Bottom Post Ad