अलीगढ़। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी, अलीगढ़ द्वारा जनपद के समस्त परिषदीय प्राथमिक, उच्च प्राथमिक, कंपोजिट एवं मान्यता प्राप्त बेसिक विद्यालयों के शिक्षण समय में परिवर्तन किया गया है। जारी कार्यालय आदेश के अनुसार अब सभी विद्यालयों में शिक्षण कार्य प्रातः 9:00 बजे से अपराह्न 3:00 बजे तक संचालित किया जाएगा।
आदेश में स्पष्ट किया गया है कि सभी शिक्षक, शिक्षिकाएं, अनुदेशक एवं शिक्षा मित्र बायोमेट्रिक/टाइम एंड मोशन के आधार पर प्रातः 8:45 बजे तक विद्यालय में उपस्थित होना सुनिश्चित करेंगे। इसके साथ ही अपराह्न 3:30 बजे तक विद्यालय में रहकर शैक्षणिक एवं विद्यालय से संबंधित अन्य कार्यों, जैसे निपुण असेसमेंट टेस्ट आदि, का संपादन करेंगे।
जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ने यह भी निर्देश दिए हैं कि निरीक्षण के दौरान यदि कोई शिक्षक, शिक्षिका, अनुदेशक या शिक्षा मित्र प्रातः 8:45 बजे से अपराह्न 3:30 बजे के बीच विद्यालय में अनुपस्थित पाया जाता है, तो उसे अनुपस्थित मानते हुए नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी, जिसके लिए संबंधित कार्मिक स्वयं उत्तरदायी होगा।
सभी खंड शिक्षा अधिकारियों, प्रधानाध्यापकों एवं प्रभारी प्रधानाध्यापकों को निर्देशित किया गया है कि उक्त आदेश का कड़ाई से अनुपालन कराना सुनिश्चित करें। यह आदेश तत्काल प्रभाव से लागू कर दिया गया है, जिससे विद्यालयों में अनुशासन, समयबद्धता एवं शैक्षणिक गुणवत्ता में सुधार सुनिश्चित किया जा सके।


Social Plugin