Type Here to Get Search Results !

शिक्षामित्रों को जल्द मिलेगी खुशखबरी, मानदेय वृद्धि सहित अन्य मुद्दों पर हो रहा है विचार: बेसिक शिक्षा मंत्री संदीप सिंह

Sir Ji Ki Pathshala

लखनऊ। प्रदेश के शिक्षामित्रों के लिए राहत भरी खबर सामने आई है। बेसिक शिक्षा राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) संदीप सिंह ने शिक्षामित्रों को उनकी समस्याओं के समाधान और मांगों को पूरा करने का भरोसा दिलाया है। उन्होंने स्पष्ट कहा कि सरकार शिक्षामित्रों की हर मांग को गंभीरता से ले रही है और मानदेय वृद्धि सहित अन्य मुद्दों पर काम चल रहा है


विश्वेश्वरैया सभागार में आयोजित सम्मान समारोह को संबोधित करते हुए मंत्री ने कहा कि वे अभी कोई औपचारिक घोषणा नहीं करेंगे, लेकिन शिक्षामित्रों की मांगों पर मुख्यमंत्री स्तर पर विचार हो रहा है और जल्द ही इससे जुड़ी खुशखबरी मिलने की पूरी संभावना है।

शिक्षामित्रों, अनुदेशकों और रसोइयों पर सरकार गंभीर

बेसिक शिक्षा मंत्री ने कहा कि सरकार न सिर्फ शिक्षामित्रों, बल्कि अनुदेशकों और रसोइयों को लेकर भी पूरी तरह गंभीर है। उन्होंने बताया कि जब प्रदेश में कैशलेस चिकित्सा सुविधा देने का प्रस्ताव आया, तो मुख्यमंत्री ने निर्देश दिया कि इसमें शिक्षामित्रों, अनुदेशकों और रसोइयों को भी शामिल किया जाए। मंत्री के अनुसार, इस योजना की औपचारिकताएं जल्द पूरी कर इसे प्रभावी रूप से लागू किया जाएगा।

सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ने की अपील

मंत्री संदीप सिंह ने शिक्षामित्रों से नकारात्मकता छोड़कर सरकार के साथ मिलकर चलने और शिक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने में सहयोग करने की अपील की। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य सभी शिक्षा कर्मियों के हितों की रक्षा करते हुए गुणवत्तापूर्ण शिक्षा सुनिश्चित करना है।

घर के पास और मनचाहे विद्यालय में मिलेगी तैनाती

बेसिक शिक्षा राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) संदीप सिंह ने कहा है कि शिक्षामित्रों को जल्द ही उनके घर के पास और मनचाहे विद्यालय में तैनाती दी जाएगी। उन्होंने भरोसा दिलाया कि इस दिशा में कार्य तेजी से चल रहा है और निकट भविष्य में यह व्यवस्था प्रभावी रूप से लागू कर दी जाएगी।

मंत्री के इस बयान से प्रदेश भर के हजारों शिक्षामित्रों में उम्मीद जगी है। लंबे समय से दूर-दराज के विद्यालयों में कार्यरत शिक्षामित्र अपने गृह जनपद या नजदीकी विद्यालय में तैनाती की मांग कर रहे थे। सरकार के इस कदम से उन्हें पारिवारिक और सामाजिक स्तर पर बड़ी राहत मिलने की संभावना है।

जनप्रतिनिधियों और संगठनों की रही मौजूदगी

इस कार्यक्रम में कई जनप्रतिनिधि और संगठन पदाधिकारी उपस्थित रहे। इनमें एमएलसी व विधायक श्रीचन्द्र शर्मा, वीरेंद्र सिंह लोधी, देवेंद्र सिंह लोधी, देवेंद्र सिंह राजपूत, उमेश द्विवेदी, हरिओम वर्मा, अवनीश सिंह, मानवेंद्र सिंह शामिल थे। साथ ही शिक्षामित्र संघ के प्रदेश अध्यक्ष शिव कुमार शुक्ला, महामंत्री सुशील कुमार और संगठन मंत्री कौशल कुमार सिंह ने भी अपने विचार रखे।