नई दिल्ली। भारत की जनगणना-2027 के प्रथम चरण को लेकर केंद्र सरकार ने अधिसूचना जारी कर दी है। इस चरण में मकान सूचीकरण और मकानों की गणना (House Listing Operation – HLO) कराई जाएगी। यह प्रक्रिया देशभर में 1 अप्रैल 2026 से 30 सितंबर 2026 के बीच पूरी की जाएगी।
30 दिन की अवधि में होगा सर्वे
अधिसूचना के अनुसार, मकान सूचीकरण का कार्य सभी राज्यों और संघ राज्यक्षेत्रों में किया जाएगा। हालांकि, प्रत्येक राज्य और संघ राज्यक्षेत्र अपने-अपने स्तर पर 30 दिनों की निर्धारित अवधि में इस सर्वे को पूरा करेगा। इस दौरान घरों, भवनों और उनसे जुड़ी बुनियादी सुविधाओं का विस्तृत विवरण एकत्र किया जाएगा।
‘स्व-गणना’ का विकल्प भी मिलेगा
घर-घर सर्वे शुरू होने से पहले नागरिकों को ‘स्व-गणना’ (Self-Enumeration) का अवसर भी दिया जाएगा। इसके तहत प्रत्येक राज्य या संघ राज्यक्षेत्र द्वारा अधिसूचित कार्यक्रम के अनुसार 15 दिनों की अवधि के लिए लोग स्वयं ऑनलाइन माध्यम से अपने मकान और आवास से जुड़ी जानकारी भर सकेंगे।
क्या होगा मकान सूचीकरण में
मकान सूचीकरण चरण में भवनों की स्थिति, उपयोग, आवासीय सुविधाएं, पानी, शौचालय, बिजली जैसी मूलभूत जानकारियां एकत्र की जाएंगी। यह आंकड़े जनगणना के अगले चरण और भविष्य की नीतियों के लिए आधार तैयार करेंगे।
प्रशासनिक तैयारियां तेज
अधिकारियों के अनुसार, इस चरण के सफल संचालन के लिए राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में प्रशासनिक तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। डिजिटल माध्यमों के अधिकतम उपयोग पर जोर दिया जाएगा ताकि प्रक्रिया पारदर्शी और सुचारु रहे।
जनगणना-2027 का प्रथम चरण देश की सामाजिक-आर्थिक योजनाओं के लिए अहम माना जा रहा है। मकान सूचीकरण और स्व-गणना की यह प्रक्रिया न केवल आंकड़ों की सटीकता बढ़ाएगी, बल्कि नागरिकों की भागीदारी को भी मजबूत करेगी।


Social Plugin