निपुण विद्यालय आकलन को लेकर अहम निर्देश जारी, प्रशिक्षण और मूल्यांकन की समय-सीमा तय
लखनऊ। महानिदेशक, स्कूल शिक्षा एवं राज्य परियोजना निदेशक कार्यालय की ओर से निपुण विद्यालय आकलन को लेकर महत्वपूर्ण निर्देश जारी किए गए हैं। यह आदेश जनवरी 2026 में जारी किया गया है, जिसमें डीआईईटी प्रशिक्षकों द्वारा निपुण लक्ष्य ऐप के माध्यम से विद्यालय आकलन कराए जाने के संबंध में विस्तृत दिशा-निर्देश दिए गए हैं।
निपुण विद्यालय आकलन के लिए नई व्यवस्था
जारी आदेश के अनुसार, डीआईईटी प्रशिक्षकों द्वारा निपुण विद्यालय आकलन हेतु निपुण लक्ष्य ऐप (संस्करण 3.0.0) का नवीन एवं अपडेटेड वर्जन स्टोर से इंस्टॉल/अपडेट किया जाना अनिवार्य होगा। आकलन प्रारंभ होने से पहले प्रशिक्षकों को ऐप पर आवश्यक सभी प्रश्न पत्र डाउनलोड करने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि मूल्यांकन के समय किसी प्रकार की तकनीकी समस्या न आए।
प्रशिक्षकों को प्रशिक्षण अनिवार्य
आदेश में यह भी स्पष्ट किया गया है कि डीआईईटी प्रशिक्षकों को निपुण विद्यालय आकलन से संबंधित पूरी जानकारी उपलब्ध कराई जाए और उन्हें समय-समय पर मार्गदर्शन दिया जाए। इसके साथ ही जनपद स्तर पर 16 जनवरी 2026 तक एससीईआरटी के माध्यम से सभी डीआईईटी प्रशिक्षकों का प्रशिक्षण पूर्ण कराने के निर्देश दिए गए हैं। प्रशिक्षण की पीपीटी एवं वीडियो सामग्री भी साझा की जाएगी।
पारदर्शिता और गुणवत्ता पर विशेष जोर
निपुण विद्यालय आकलन को निष्पक्ष, पारदर्शी और गुणवत्तापूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए प्रधानाचार्य, डायट, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी, खंड शिक्षा अधिकारी, जिला समन्वयक (प्रशिक्षण), एसआरजी/एआरपी, डीआईईटी प्रशिक्षक एवं प्रधानाध्यापक सभी के लिए निपुण विद्यालय आकलन दिशानिर्देश जारी किए गए हैं।
शिक्षण सामग्री निर्माण के निर्देश
इसके अतिरिक्त, राज्य परियोजना कार्यालय के पूर्व आदेशों के क्रम में कक्षा 1 एवं कक्षा 2 की कार्यपुस्तिकाओं में वर्णित पुनरावृत्ति पत्रकों अथवा शिक्षक द्वारा स्वयं विकसित आकलन पत्रकों का निर्माण/फोटोकॉपी कराकर छात्रों को नियमित अभ्यास कराने के निर्देश भी दिए गए हैं।



