Type Here to Get Search Results !

जिले में 23 जनवरी को होगा ब्लैक आउट मॉकड्रिल, आमजन से सहयोग की अपील

Sir Ji Ki Pathshala

फतेहपुर। जिलाधिकारी कार्यालय, फतेहपुर द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार उत्तर प्रदेश दिवस–2026 के अवसर पर नेताजी सुभाष चंद्र बोस की जयंती के दिन 23 जनवरी 2026 को जनपद में ब्लैक आउट मॉकड्रिल आयोजित की जाएगी। यह मॉकड्रिल शाम 6:00 बजे से 6:30 बजे तक चलेगी।

प्रेस विज्ञप्ति में बताया गया कि अपर जिलाधिकारी (वित्त/राजस्व) फतेहपुर की अध्यक्षता में प्रशासन, राजस्व, पुलिस, स्वास्थ्य, शिक्षा, पशुपालन, विद्युत, रेडक्रॉस सोसायटी, स्थानीय निकाय, नागरिक सुरक्षा, होमगार्ड सहित विभिन्न विभागों के अधिकारियों, आपदा मित्रों एवं सिविल डिफेंस स्वयंसेवकों के साथ बैठक कर मॉकड्रिल की तैयारियों की समीक्षा की गई।

हवाई हमले की स्थिति का अभ्यास

मॉकड्रिल के दौरान हवाई हमले जैसी आपात स्थिति में आमजन की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए 02 मिनट तक तेज आवाज में सायरन बजाया जाएगा। इसके बाद शाम 6:15 से 6:30 बजे तक शहर के विद्युत आपूर्ति क्षेत्र में आने वाले इलाकों की बिजली बंद (कट) कर दी जाएगी।

आमजन से विशेष अपील

जिला प्रशासन ने आसपास के सभी प्रतिष्ठानों, कार्यालयों, चेंबरों एवं आम नागरिकों से अपील की है कि ब्लैक आउट मॉकड्रिल के दौरान अपने घरों, दुकानों व संस्थानों की सभी लाइटें बंद रखें, ताकि बाहर से कोई प्रकाश दिखाई न दे।

ब्लैक आउट मॉकड्रिल के दौरान आमजन की भूमिका

प्रशासन द्वारा आम जनता के लिए निम्न निर्देश जारी किए गए हैं—

  1. 23 जनवरी 2026 को शाम 6:00 से 6:30 बजे तक घरों में इन्वर्टर व बल्ब पूरी तरह बंद रखें।
  2. बाहर मोबाइल टॉर्च, फ्लैश लाइट या किसी भी प्रकार की रोशनी का प्रयोग न करें।
  3. बच्चों और परिवार के सदस्यों को शांत रखें, घबराएं नहीं।
  4. किसी भी प्रकार की अफवाहों से बचें और प्रशासन के निर्देशों का पालन करें।
  5. मॉकड्रिल समाप्त होने के बाद ही प्रशासनिक निर्देश मिलने पर लाइटें जलाएं।

सुरक्षा और जागरूकता का उद्देश्य

प्रशासन का कहना है कि इस मॉकड्रिल का उद्देश्य आपात परिस्थितियों में नागरिकों को सुरक्षा उपायों के प्रति जागरूक करना और विभिन्न विभागों के बीच समन्वय को मजबूत करना है।

Black out mock Drill