Type Here to Get Search Results !

मेरिट पर चयन, शुचिता से समझौता नहीं होगा, उप्र शिक्षा सेवा चयन आयोग के नए अध्यक्ष ने संभाला कार्यभार

Sir Ji Ki Pathshala

उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग के नवनियुक्त अध्यक्ष एवं पूर्व डीजीपी डॉ. प्रशांत कुमार ने शुक्रवार को औपचारिक रूप से कार्यभार ग्रहण कर लिया। कार्यवाहक अध्यक्ष राम सुचित से कार्यभार लेने के उपरांत उन्होंने आयोग के सदस्यों और अधिकारियों से मुलाकात की तथा विभिन्न लंबित चयन प्रक्रियाओं की विस्तृत जानकारी प्राप्त की।


शाम को मीडिया से बातचीत के दौरान डॉ. प्रशांत कुमार ने स्पष्ट किया कि उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता शासन की मंशा के अनुरूप शुचितापूर्वक भर्तियां कराना है। उन्होंने कहा कि चयन प्रक्रिया पूरी तरह मेरिट आधारित होगी और शुचिता के साथ किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा, जिससे आने वाली पीढ़ियों को इसका दीर्घकालिक लाभ मिल सके।

शुचिता पर जीरो टॉलरेंस, पारदर्शिता होगी सर्वोपरि

नवनियुक्त अध्यक्ष ने कहा कि आयोग शुचिता को लेकर जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाएगा। आयोग के सभी कार्यों में पूर्ण पारदर्शिता सुनिश्चित की जाएगी तथा जो भी भर्तियां लंबित हैं, उन्हें प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र पूर्ण किया जाएगा। इसके साथ ही आयोग के समक्ष आने वाली तात्कालिक समस्याओं का समाधान भी तेजी से किया जाएगा।

उप्र शिक्षा सेवा चयन आयोग

उन्होंने यह भी बताया कि अन्य चयन आयोगों की तर्ज पर शिक्षा सेवा चयन आयोग का भी भर्ती कैलेंडर जारी किया जाएगा, जिससे अभ्यर्थियों को यह स्पष्ट जानकारी मिल सके कि कौन-सी भर्ती कब आयोजित की जानी है।

यूपी-टीईटी और असिस्टेंट प्रोफेसर भर्ती पर बयान

29 और 30 जनवरी को प्रस्तावित उत्तर प्रदेश शिक्षक पात्रता परीक्षा (यूपी-टीईटी) के आयोजन को लेकर डॉ. प्रशांत कुमार ने कहा कि इस विषय में आयोग के सदस्यों के साथ बैठक कर निर्णय लिया जाएगा। वहीं प्रदेश के अशासकीय सहायता प्राप्त महाविद्यालयों में असिस्टेंट प्रोफेसर के 910 पदों पर भर्ती के लिए आयोजित लिखित परीक्षा को लेकर उठ रहे सवालों पर उन्होंने कहा कि मामले को गंभीरता से देखा जाएगा।

रिक्त पदों के लिए ऑनलाइन पोर्टल जल्द होगा तैयार

विभिन्न विभागों से रिक्त पदों का ब्योरा ऑनलाइन माध्यम से प्राप्त करने के लिए बनाए जा रहे पोर्टल के संबंध में अध्यक्ष ने बताया कि उसकी टेस्टिंग प्रक्रिया चल रही है। पोर्टल के पूर्ण रूप से शुरू होने के बाद रिक्तियों की जानकारी एक ही मंच पर उपलब्ध होगी, जिससे भर्ती प्रक्रिया और अधिक सुगम एवं पारदर्शी बनेगी।

मुख्यमंत्री का जताया आभार

प्रयागराज। आयोग के अध्यक्ष पद का कार्यभार ग्रहण करने के बाद डॉ. प्रशांत कुमार ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने लिखा कि उन्हें सौंपे गए इस महत्वपूर्ण दायित्व को वे पूरी निष्ठा से निभाएंगे। उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता शासन की नीतियों के अनुरूप शुचिता पर जीरो टॉलरेंस के साथ चयन प्रक्रिया को पूरी तरह पारदर्शी और मेरिट आधारित बनाना है।


उन्होंने यह भी कहा कि भर्तियों को समयबद्ध ढंग से आगे बढ़ाते हुए तकनीक आधारित प्रक्रियाओं को और अधिक सशक्त किया जाएगा, ताकि हर योग्य अभ्यर्थी को उसका न्यायोचित अवसर मिल सके। लक्ष्य केवल नियुक्तियां करना नहीं, बल्कि उत्तर प्रदेश के युवाओं के विश्वास और उनके स्वर्णिम भविष्य की गारंटी देना है।