भारत निर्वाचन आयोग ने अर्हता तिथि 01 जनवरी, 2026 के आधार पर प्रदेश में चल रहे विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) कार्यक्रम की तिथियों में संशोधन करते हुए नई समय-सारिणी जारी कर दी है। संशोधित कार्यक्रम के अनुसार अब मतदाता सूची से संबंधित सभी चरण नई तिथियों के अनुरूप पूरे किए जाएंगे।
निर्वाचन आयोग द्वारा जारी संशोधित कार्यक्रम के तहत मतदाता सूची का आलेख्य (ड्राफ्ट) प्रकाशन 06 जनवरी, 2026 को किया जाएगा। इसके साथ ही मतदाताओं को अपने नाम, विवरण में सुधार, नाम जोड़ने अथवा हटाने से संबंधित दावे एवं आपत्तियां दर्ज कराने का अवसर 06 जनवरी से 06 फरवरी, 2026 तक मिलेगा।
आयोग ने बताया कि 06 जनवरी से 27 फरवरी, 2026 तक नोटिस चरण की प्रक्रिया पूरी की जाएगी। इस अवधि में प्राप्त दावों और आपत्तियों पर सुनवाई, गणना प्रपत्रों पर निर्णय तथा सभी लंबित मामलों का निस्तारण किया जाएगा, ताकि मतदाता सूची को त्रुटिरहित बनाया जा सके।
सभी प्रक्रियाओं के पूर्ण होने के बाद उत्तर प्रदेश की मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन 06 मार्च, 2026 को किया जाएगा। निर्वाचन आयोग ने प्रदेश के सभी पात्र नागरिकों से अपील की है कि वे निर्धारित अवधि में मतदाता सूची की जांच अवश्य करें और किसी भी प्रकार की त्रुटि होने पर समय रहते दावा या आपत्ति दर्ज कराएं, ताकि लोकतांत्रिक प्रक्रिया को और अधिक मजबूत बनाया जा सके।


Social Plugin