लखनऊ। भारत रत्न श्री अटल बिहारी वाजपेयी की जयंती एवं जन्म शताब्दी वर्ष के समापन के अवसर पर 25 दिसंबर 2025 को प्रदेशभर में समारोहपूर्वक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इस संबंध में शिक्षा निदेशक (बेसिक), उत्तर प्रदेश की ओर से सभी जनपदों के जिला बेसिक शिक्षा अधिकारियों को निर्देश जारी किए गए हैं।
जारी आदेश के अनुसार, शासन के पत्र दिनांक 16 दिसंबर 2025 के अनुपालन में समस्त उच्च प्राथमिक विद्यालयों में कक्षा 8 के विद्यार्थियों के बीच “अटल जी एवं सुशासन” विषय पर निबंध लेखन प्रतियोगिता आयोजित कराई जानी है। निबंध की अधिकतम शब्द सीमा 1000 शब्द निर्धारित की गई है।
जन्म शताब्दी वर्ष के कार्यक्रमों की सूचना देनी होगी
निर्देशों में यह भी स्पष्ट किया गया है कि 25 दिसंबर 2024 से 25 दिसंबर 2025 तक भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी जी के जन्म शताब्दी वर्ष के अंतर्गत विद्यालयों में आयोजित सभी कार्यक्रमों की जानकारी निर्धारित प्रारूप पर संकलित कर निदेशालय को भेजनी होगी।
पहले से जारी है कार्ययोजना
शिक्षा निदेशालय ने पहले ही 20 जनवरी 2025 को कार्ययोजना जारी कर सभी प्राथमिक और उच्च प्राथमिक विद्यालयों में अटल बिहारी वाजपेयी जी के जन्म शताब्दी वर्ष से जुड़े कार्यक्रम आयोजित करने के निर्देश दिए थे। अब जयंती के अवसर पर इन कार्यक्रमों को और प्रभावी ढंग से आयोजित करने पर जोर दिया गया है।
समय पर रिपोर्ट भेजने के निर्देश
शिक्षा निदेशक (बेसिक) की ओर से कहा गया है कि सभी जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी यह सुनिश्चित करें कि निबंध प्रतियोगिता और अन्य कार्यक्रम समारोहपूर्वक आयोजित हों तथा उनकी सूचना तत्काल निदेशालय को उपलब्ध कराई जाए।
इस पहल का उद्देश्य विद्यार्थियों में सुशासन, राष्ट्र निर्माण और अटल बिहारी वाजपेयी जी के विचारों के प्रति जागरूकता बढ़ाना है।


