Type Here to Get Search Results !

29334 सहायक अध्यापक भर्ती: 1700 से अधिक रिक्त पदों पर 15 से 20 दिसंबर तक होंगे ऑनलाइन आवेदन

Sir Ji Ki Pathshala

प्रयागराज। परिषदीय उच्च प्राथमिक विद्यालयों में विज्ञान और गणित विषय के अंतर्गत 29334 सहायक अध्यापक भर्ती प्रक्रिया में लंबे समय से रिक्त चल रहे 1700 से अधिक पदों को भरने की तैयारी पूरी कर ली गई है। इन पदों पर चयन के लिए ऑनलाइन आवेदन 15 दिसंबर से 20 दिसंबर तक लिए जाएंगे।

बेसिक शिक्षा परिषद के सचिव सुरेन्द्र कुमार तिवारी ने जानकारी दी कि यह अवसर केवल उन्हीं अभ्यर्थियों को दिया जा रहा है, जिन्होंने 31 दिसंबर 2019 से पूर्व इस भर्ती को लेकर हाईकोर्ट या सुप्रीम कोर्ट में याचिका दाखिल की थी। ऐसे कुल 2593 अभ्यर्थियों को निर्धारित प्रारूप में ऑनलाइन आवेदन कर आवश्यक सूचनाएं भरनी होंगी।



सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बाद आगे बढ़ी प्रक्रिया

सुप्रीम कोर्ट ने 29 जनवरी 2025 को अपने आदेश में स्पष्ट किया था कि इस भर्ती में चयनित न्यूनतम कटऑफ से अधिक अंक प्राप्त करने वाले सभी याचिकाकर्ताओं को नियुक्ति दी जाए। इसके अनुपालन में 30 अक्तूबर 2025 को पहले चरण में 2048 अभ्यर्थियों की सूची जारी की गई थी।

इसके साथ ही उन अभ्यर्थियों से ऑनलाइन प्रत्यावेदन मांगे गए थे, जिन्होंने याचिका तो दाखिल की थी लेकिन उनका नाम सूची में शामिल नहीं हो सका था। प्रत्यावेदनों के परीक्षण के बाद 545 और अभ्यर्थियों के नाम सूची में जोड़े गए।

मेरिट के आधार पर जिला आवंटन और नियुक्ति

आवेदन प्रक्रिया पूरी होने के बाद राज्य स्तर पर गुणांक (मेरिट) सूची जारी की जाएगी। इसके आधार पर जिलों में उपलब्ध रिक्तियों के सापेक्ष अभ्यर्थियों को जिला आवंटन किया जाएगा। चयनित अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र जारी कर 30 दिसंबर तक विद्यालयों में कार्यभार ग्रहण कराया जाएगा।

31 जनवरी 2026 तक होगा अभिलेख सत्यापन

बेसिक शिक्षा परिषद के अनुसार चयनित शिक्षकों के शैक्षिक और अन्य अभिलेखों का सत्यापन 31 जनवरी 2026 तक पूर्ण किया जाएगा। परिषद का कहना है कि इस प्रक्रिया से वर्षों से लंबित भर्ती विवाद का समाधान होगा और विद्यालयों में विज्ञान व गणित विषय के शिक्षकों की कमी दूर हो सकेगी।