Type Here to Get Search Results !

शिक्षक विहीन एवं एकल शिक्षक विद्यालयों के समायोजन को लेकर बीएसए संभल सख्त

Sir Ji Ki Pathshala

संभल। जनपद संभल में शिक्षक विहीन एवं एकल शिक्षक विद्यालयों के समायोजन को लेकर बेसिक शिक्षा विभाग ने सख्त रुख अपनाया है। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी, संभल द्वारा जारी निर्देशों के अनुसार शासन स्तर पर आयोजित वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग में स्पष्ट किया गया है कि ऐसे सभी विद्यालयों में समयबद्ध रूप से समायोजन की प्रक्रिया पूर्ण की जाए।

जारी पत्र के अनुसार दिनांक 26 दिसंबर 2025 को अपर मुख्य सचिव, बेसिक शिक्षा, उत्तर प्रदेश शासन, लखनऊ की अध्यक्षता में आयोजित वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग में निर्देश दिए गए कि शिक्षक विहीन एवं एकल शिक्षक विद्यालयों में सहायक अध्यापकों की तैनाती, वरिष्ठता सूची के आधार पर सुनिश्चित की जाए। साथ ही यह भी निर्देशित किया गया कि संबंधित समायोजन की कार्यवाही 31 दिसंबर 2025 से पूर्व पूर्ण कर ली जाए।

बीएसए कार्यालय द्वारा उपलब्ध कराई गई सूचनाओं के परीक्षण में विभिन्न प्रकार की त्रुटियाँ पाए जाने पर नाराजगी व्यक्त की गई। इसके बाद जिलाधिकारी, संभल के निर्देशानुसार 29 दिसंबर 2025 को जनपद स्तरीय समिति की बैठक निर्धारित की गई है, जिसमें सभी सही सूचनाओं का परीक्षण कर अंतिम सूची समिति के समक्ष प्रस्तुत की जाएगी। इसके आधार पर समायोजन की प्रक्रिया 30 दिसंबर 2025 तक पूरी की जाएगी, ताकि 31 दिसंबर को शासन स्तर पर आयोजित होने वाली वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग में स्थिति स्पष्ट रूप से प्रस्तुत की जा सके।

इस क्रम में समस्त संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देशित किया गया है कि वे 27 दिसंबर 2025 को प्रातः 11:00 बजे आवश्यक अभिलेखों एवं लैपटॉप सहित जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी कार्यालय में अनिवार्य रूप से उपस्थित रहें। आदेश में यह भी स्पष्ट किया गया है कि किसी भी प्रकार की लापरवाही या अनुपस्थिति की स्थिति में संबंधित के विरुद्ध अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी तथा विशेष परिस्थिति में केवल सक्षम अधिकारी की अनुमति से ही अवकाश मान्य होगा।

बीएसए संभल द्वारा जारी यह आदेश शिक्षा व्यवस्था को संतुलित करने और प्रत्येक विद्यालय में न्यूनतम शिक्षक उपलब्धता सुनिश्चित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

शिक्षक विहीन एवं एकल शिक्षक विद्यालयों के समायोजन विषयक

Top Post Ad

Bottom Post Ad