प्रयागराज। उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग (यूपीपीएससी) ने सम्मिलित राज्य/प्रवर अधीनस्थ सेवा (पीसीएस) मुख्य परीक्षा–2025 के लिए ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित किए हैं। आयोग की ओर से जारी सूचना के अनुसार अभ्यर्थी 27 दिसंबर तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।
ऑनलाइन आवेदन सबमिट करने के बाद अभ्यर्थियों को उसका प्रिंटआउट निकालकर सभी आवश्यक संलग्नकों के साथ 5 जनवरी की शाम पांच बजे तक आयोग कार्यालय में पंजीकृत डाक से भेजना होगा या स्वयं उपस्थित होकर जमा करना होगा। आयोग ने यह भी स्पष्ट किया है कि ऑनलाइन आवेदन में त्रुटि संशोधन के लिए अभ्यर्थियों को केवल एक ही अवसर दिया जाएगा।
एसीएफ/आरएफओ के लिए अलग से आएगी सूचना
परीक्षा नियंत्रक हर्ष देव पांडेय के अनुसार सहायक वन संरक्षक (एसीएफ) एवं क्षेत्रीय वन अधिकारी (आरएफओ) सेवा मुख्य परीक्षा–2025 के लिए आवेदन प्रक्रिया को लेकर अलग से विस्तृत सूचना जारी की जाएगी। फिलहाल यह आवेदन प्रक्रिया केवल पीसीएस मुख्य परीक्षा के लिए है।
11727 अभ्यर्थी मुख्य परीक्षा के लिए चयनित
एक दिसंबर को घोषित प्रारंभिक परीक्षा के परिणाम में कुल 11727 अभ्यर्थियों को मुख्य परीक्षा के लिए सफल घोषित किया गया है। इनमें पीसीएस के 814 पदों के लिए चयनित अभ्यर्थियों के साथ-साथ एसीएफ/आरएफओ के 106 पदों के लिए सफल अभ्यर्थी भी शामिल हैं। इस तरह कुल पदों की संख्या 920 हो गई है।
आवेदन और परीक्षा से जुड़े अहम आंकड़े
आयोग द्वारा 20 फरवरी को जारी किए गए इस भर्ती विज्ञापन के लिए कुल 6,26,387 अभ्यर्थियों ने ऑनलाइन आवेदन किया था। 12 अक्तूबर को आयोजित प्रारंभिक परीक्षा में 2,65,270 अभ्यर्थी सम्मिलित हुए थे। उल्लेखनीय है कि प्रारंभ में घोषित पदों की संख्या 200 थी, जो बाद में बढ़कर साढ़े चार गुना से अधिक होकर 920 तक पहुंच गई।
यूपीपीएससी के अनुसार मुख्य परीक्षा की आगे की प्रक्रिया और तिथियों से संबंधित जानकारी समय पर आयोग की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध कराई जाएगी।


