लखनऊ। समग्र शिक्षा अभियान के तहत आयोजित होने वाली राज्य स्तरीय विज्ञान एवं टीएलएम (टीचिंग लर्निंग मटेरियल) प्रदर्शनी और प्रतियोगिता का आयोजन 12 दिसंबर 2025 को आगरा में किया जाएगा। यह कार्यक्रम राजकीय इंटर कॉलेज, शाहगंज (आगरा) में संपन्न होगा।
माध्यमिक शिक्षा विभाग के संयुक्त निदेशक (समग्र शिक्षा) विवेक नौटियाल ने बताया कि इस प्रदर्शनी का उद्देश्य छात्रों और शिक्षकों में नवाचार, वैज्ञानिक सोच और रचनात्मक शिक्षण सामग्री के विकास को बढ़ावा देना है।
इस राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में प्रदेशभर से चयनित मॉडल प्रदर्शित किए जाएंगे और उनमें से सर्वश्रेष्ठ 16 मॉडल को राष्ट्रीय स्तर के लिए चयनित किया जाएगा। कार्यक्रम में विज्ञान, नवाचार, शिक्षण सामग्री और प्रोजेक्ट आधारित सीखने से जुड़े कई आकर्षक मॉडल देखने को मिलेंगे।
यह आयोजन छात्रों के नवाचार को प्रोत्साहित करने और शिक्षकों द्वारा तैयार टीएलएम के प्रयोगात्मक उपयोग को बढ़ावा देने का महत्वपूर्ण मंच साबित होगा।


